राजा महेंद्र प्रताप विवि में 25 करोड़ से बनेगा तीसरा शैक्षणिक भवन, बढ़ेगा पढ़ाई का दायरा
यह विस्तार बढ़ती छात्र संख्या और भविष्य के नए पाठ्यक्रमों को समायोजित करने के लिए किया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक सुविधाओं में वृद्धि होगी। ...और पढ़ें

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू)।
HighLights
तीसरे शैक्षणिक भवन का निर्माण 25 करोड़ में शुरू।
बढ़ती छात्र संख्या, नए पाठ्यक्रमों के लिए विस्तार।
आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं और डीन कार्यालय बनेंगे।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की कवायद तेज हो गई है। बढ़ती छात्र संख्या और भविष्य में प्रस्तावित नए पाठ्यक्रमों को देखते हुए विश्वविद्यालय में तीसरे शैक्षणिक भवन का निर्माण शुरू करा दिया गया। विश्वविद्यालय निधि से बनने वाले इस भवन पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
निर्माण की जिम्मेदारी यूपी राजकीय निर्माण निगम को सौंपी गई है। नए भवन में आधुनिक कक्षा कक्षों के साथ प्रयोगशालाएं, डीन कार्यालय समेत अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय में अभी तक दो शैक्षणिक भवनों में पठन-पाठन की व्यवस्था है। स्नातक स्तर पर 23 और परास्नातक स्तर पर 27 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एलएलएम पाठ्यक्रम भी शामिल है। इनमें 1700 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय अपने चौथे शैक्षणिक सत्र में प्रवेश कर चुका है।
नए पाठ्यक्रमों के लिए कैंपस में तैयार हो रहा नया इंफ्रास्ट्रक्चर
छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे में आने वाले समय में विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। अत: विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भवन की आवश्यकता महसूस की। तीसरे शैक्षणिक भवन के निर्माण के बाद नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए पर्याप्त कक्ष और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। भवन में भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल का निर्माण प्रस्तावित है।
100 करोड़ से खड़ा हुआ था पहला कैंपस
लोधा के गांव मूसेपुर में 14 सितंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय भवन निर्माण की आधारशिला रखी थी। करीब 100 करोड़ रुपये के बजट से विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण कराया गया। शुरुआत में पठन-पाठन के लिए दो शैक्षणिक भवन तैयार किए गए। हालांकि, अभी यह भवन भी हैंडओवर नहीं हो पाया है, जिस पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल भी कई बार नाराजगी व्यक्त कर चुकी हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बसपा की नई सोशल इंजीनियरिंग: आकाश आनंद ने सर्व समाज को साधने का दिया संदेश
परिसर में बढ़ेगी शैक्षणिक गतिविधियां
तीसरे भवन के निर्माण से एक ओर मौजूदा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर नए विषयों और पाठ्यक्रमों के संचालन का रास्ता भी आसान होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का जोर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्थायी शैक्षणिक ढांचा तैयार करने पर है।
विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या और पाठ्यक्रम लगातार बढ़ रहे हैं। तीसरे शैक्षणिक भवन से अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं और कार्यालय उपलब्ध होंगे। इससे नए पाठ्यक्रम शुरू करने और शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार में मदद मिलेगी।
प्रबुद्ध सिंह, रजिस्ट्रार।