पंजाब निकाय चुनाव: लुधियाना में कांग्रेस प्रत्याशी पर तलवारों से हमला, दो स्थानों पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश
पंजाब में 103 निकायों के चुनाव के दौरान कई स्थानों पर हिंसा और झड़पें हुईं, जिसमें लुधियाना में कांग्रेस प्रत्याशी पर तलवारों से हमला और दो जगह बूथ कै ...और पढ़ें

लुधियाना में कांग्रेस प्रत्याशी पर तलवारों से हमला (जागरण फोटो)
HighLights
लुधियाना में कांग्रेस प्रत्याशी पर तलवारों से हमला हुआ
पट्टी और समाना में बूथ कैप्चरिंग के प्रयास किए गए
विभिन्न जिलों में राजनीतिक समर्थकों के बीच झड़पें हुईं
जागरण टीम, जालंधर। पंजाब में मंगलवार को 103 निकायों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। आठ नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों व 20 नगर पंचायतों के लिए शुरू हुए मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा के साथ ही करीब 15 जगहों प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प हुई।
लुधियाना जिले के रायकोट में नगर कौंसिल के चुनाव के दौरान वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा पर सुबह कुछ लोगों ने तलवारों से हमला कर दिया। उन्हों गंभीर हालत में लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह हमला आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है जबकि आप ने इससे इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीजेपी प्रत्याशी के पति पर हमले की कोशिश
बरनाला में भी भाजपा प्रत्याशी के पति पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तरनतारन जिले के पट्टी में बूथ नंबर 35 और पटियाला जिले के समाना में वार्ड नंबर 35 के एक बूथ पर कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया।
पट्टी में आरोपितों ने पोलिंग पार्टी पर ही हमला कर दिया और वहां लगे सीसीटीवी तक तोड़ दिए गए। इसके चलते उक्त बूथ पर एक घंटे तक मतदान रुका रहा। समाना में बूथ कैप्चरिंग के प्रयास के दौरान दो गुट आमने-सामने हो गए और दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा।
खबरें और भी
मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा। इसी तरह अमृतसर के मजीठा, मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा, मोगा, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब सहित अन्य जिलों में अलग-अलग पार्टियों के समर्थकों में झड़प हुई है। अबोहर में मतदान के बाद दो गुटों में हुई झड़प के दौरान तीन लोग घायल हो गए। इसी तरह बठिंडा में भी भाजपा के जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
सुरक्षाकर्मी सहित चार लोग घायल
इस हमले में सिंगला के अलावा उनके पुत्र, सुरक्षा कर्मी सहित चार लोग घायल हुए है। राज्य में मतदान के दौरान सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। दिन चढ़ने और गर्मी के बीच दोपहर को मतदान की गति में कुछ कमी देखने को मिली। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार इस बार बैलेट पेपर से मतदान हुआ है। शाम पांच बजे तक कुल 61.5 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है। राज्य में कुल मतदान कितना हुआ यह आंकड़ा राज्य चुनाव आयोग बाद में जारी करेगा।