बठिंडा नगर निगम चुनाव में भारी हंगामा,कई वार्डों में फर्जी वोटिंग के आरोप, कांग्रेस-AAP और अकाली दल के समर्थक भिड़े
बठिंडा नगर निगम चुनाव के दौरान कई वार्डों में फर्जी मतदान, धक्का-मुक्की और तनाव की घटनाएं सामने आईं। ...और पढ़ें

बठिंडा नगर निगम चुनाव में भारी हंगामा (जागरण फोटो)
HighLights
कई वार्डों में फर्जी मतदान की शिकायतें दर्ज हुईं
वार्ड 37 में कांग्रेस और आप नेताओं में बहस हुई
पुलिस ने तनावपूर्ण स्थितियों को नियंत्रित करने में मदद की
जागरण संवाददाता,बठिंडा। नगर निगम चुनाव के दौरान शहर के कई वार्डों में फर्जी मतदान, धक्केशाही और बूथों पर तनाव की घटनाएं सामने आईं। वार्ड नंबर 33, 37, 38 और 40 में मतदाताओं व राजनीतिक दलों ने गंभीर आरोप लगाए। कई जगह पुलिस और चुनाव अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
वार्ड 33 में मतदाता पहुंचा तो पता चला वोट पहले ही पड़ चुकी
वार्ड नंबर 33 के बूथ नंबर 141 पर उस समय हंगामा हो गया, जब एक मतदाता को पता चला कि उसके नाम पर पहले ही वोट डाली जा चुकी है। इलाके के निवासी रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि वह वोटर कार्ड और पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र पहुंचे थे।
करीब 45 मिनट लाइन में लगने के बाद जब वह अंदर पहुंचे तो चुनाव कर्मियों ने बताया कि उनके नाम पर वोट पहले ही डाली जा चुकी है। रोहित कुमार के अनुसार, पोलिंग एजेंट ने उन्हें बताया कि उनके माता-पिता भी वोट डालकर जा चुके हैं।
रिकॉर्ड जांचने पर सामने आया कि उनके नाम पर किसी अन्य व्यक्ति ने मतदान किया है। इसके बाद रोहित कुमार ने शिकायत दी, जिस पर एसएचओ कैनाल मौके पर पहुंचे। हंगामे के कारण करीब 10 से 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। बाद में एक पोलिंग एजेंट को हटाकर उसकी जगह दूसरे एजेंट को तैनात किया गया। इसी तरह वार्ड नंबर 37 में मतदान करने पहुंचीं मंजीत कौर ने भी आरोप लगाया कि उनके नाम पर कोई अन्य व्यक्ति वोट डाल चुका है, जिससे वह मतदान नहीं कर सकीं।
खबरें और भी
वार्ड 37 में अकाली दल ने लगाए धक्केशाही के आरोप
वार्ड नंबर 37 में सत्ता पक्ष पर बूथ का माहौल खराब करने और धक्केशाही करने के आरोप लगे। अकाली दल उम्मीदवार सविता बंसल के पति बीरू बंसल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के समर्थक बूथ पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बीरू बंसल ने कहा कि यदि चुनाव में धक्केशाही और दबाव ही बनाना था तो चुनाव करवाने का क्या औचित्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने बूथ पर लगे कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने पर जिला चुनाव कार्यालय से अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इन्कार कर दिया।अकाली दल नेता बब्ली ढिल्लो ने भी प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसएसपी और डीसी को लगातार शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
कांग्रेस और ‘आप’ नेताओं में तीखी बहस
वार्ड नंबर 37 में ही फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार नीतू ठाकुर के पति आशु ठाकुर ने कुछ संदिग्ध मतदाताओं के पहचान पत्र जांचने शुरू किए।
इस दौरान आम आदमी पार्टी उम्मीदवार अनीता गोयल के पति प्रदीप गोयल ने इसका विरोध किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और समर्थक आमने-सामने आ गए। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
वार्ड 38 में फर्जी हस्ताक्षर से वोट डालने का आरोप
वार्ड नंबर 38 के बूथ नंबर 168 पर भी फर्जी मतदान का मामला सामने आया। मतदाता सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह वोट डालने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर पहले ही मतदान हो चुका है। सतीश कुमार ने कहा कि जब उन्होंने रिकॉर्ड में किए गए हस्ताक्षर देखे तो वे उनके हस्ताक्षर नहीं थे। उन्होंने मामले की शिकायत प्रिजाइडिंग अफसर से की, लेकिन मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वार्ड 40 में भी बना तनावपूर्ण माहौल
वार्ड नंबर 40 में शाम करीब चार बजे तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। अकाली दल उम्मीदवार विजय कुमार ने पोलिंग स्टेशन के पास बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद पोलिंग स्टेशन के 200 मीटर के दायरे में लोगों को खड़े होने से रोक दिया गया।