पंजाब निकाय चुनाव: मतदान खत्म होते ही बठिंडा में झड़प, BJP नेता पर हमला; सुरक्षाकर्मी सहित चार लोग घायल
बठिंडा नगर निगम चुनाव के मतदान के बाद भाजपा के जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला और उनके बेटे सहित चार लोगों पर हमला हुआ। ...और पढ़ें

HighLights
बठिंडा चुनाव के बाद भाजपा नेता सरूप चंद सिंगला पर हमला
हमले में सिंगला, उनके बेटे और सुरक्षाकर्मी सहित चार घायल
भाजपा ने आप समर्थकों पर लगाया आरोप, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा नगर निगम चुनाव की वोटिंग समाप्त होने के बाद शहर में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब भाजपा के जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया।
इस हमले में सिंगला, उनके पुत्र दीनव सिंगला, एक सुरक्षा कर्मी सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल में तनावपूर्ण हालात
घटना के बाद अस्पताल के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सिविल अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरूप चंद सिंगला ने आरोप लगाया कि विवाद की शुरुआत सोमवार रात से ही हो गई थी।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर-2 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरवीर सिंह रिपू अपने समर्थकों के साथ एक भाजपा नेता के घर में घुसे थे। सिंगला के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय भाजपा कार्यकर्ता को ही गिरफ्तार कर लिया, जिसके विरोध में उन्हें थाने के बाहर धरना देना पड़ा।
खबरें और भी

सिंगला ने लगाए आरोप
सिंगला ने आरोप लगाया कि करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आप उम्मीदवार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मतदान समाप्त होने के बाद वह वार्ड नंबर-2 में अपने समर्थकों के घर जा रहे थे।
इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसमें उनके एक समर्थक का सिर फट गया और सुरक्षा कर्मी भी घायल हो गया।
'आप नेताओं और कार्यकर्ताओं की दबंगई'
भाजपा नेता ने नगर निगम चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबंगई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष भूमिका निभाने में विफल रहा है। सिंगला ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन तेज करेगी।
वहीं, सिंगला के सुरक्षा कर्मी कश्मीर सिंह ने बताया कि 20 से 30 लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। उन्होंने दावा किया कि सिंगला की सुरक्षा के लिए उन्हें दो हवाई फायर करने पड़े। उन्होंने किसी तरह सिंगला को सुरक्षित वाहन में बैठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। कश्मीर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी वर्दी फाड़ दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी अरुण मुंडन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर निगम चुनाव के दौरान पहले भी कई वार्डों में तनाव की स्थिति सामने आ चुकी थी। इस घटना के बाद शहर का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है। भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है, जबकि आम लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा तेज है।