फैक्ट्री मजदूर की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने गेट घेरकर किया प्रदर्शन; मुआवजे पर हुआ समझौता
कपूरथला में फैक्ट्री मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हुआ। परिवार को मुआ ...और पढ़ें

फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठा परिवार व रिश्तेदार और मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
कपूरथला में फैक्ट्री मजदूर रामू की संदिग्ध मौत।
परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर किया जोरदार प्रदर्शन।
पुलिस की मध्यस्थता से मुआवजे पर हुआ समझौता।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला में बिजली उपकरण बनाने वाली एक फैक्ट्री के मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत के बाद बुधवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजनों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट के बाहर धरना लगाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में फैक्ट्री प्रबंधन और मृतक के परिवार के बीच समझौता होने के बाद धरना समाप्त किया गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामू पुत्र रामभगत निवासी दीप नगर, औजला फाटक के पास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामू पिछले लंबे समय से उक्त फैक्ट्री में मजदूरी करता था। करीब दस महीने पहले फैक्ट्री परिसर में उसका किसी व्यक्ति के साथ विवाद हो गया था।
आरोप है कि उस दौरान दूसरे पक्ष ने रामू के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया था। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन हमले में लगी चोटों के कारण रामू की तबीयत लगातार खराब रहती थी।
यह भी पढ़ें- अमृतसर के शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट में लगी आग, चार दिन में दूसरा हादसा; श्रद्धालु बाल-बाल बचे
उपचार के दौरान तोड़ा दम
स्वजनों के अनुसार रामू का कई बार इलाज करवाया गया। पिछले कुछ दिनों से वह जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था, जहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में रोष फैल गया। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के बाहर जमा हो गए और धरना शुरू कर दिया।
खबरें और भी
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पुराने हमले में लगी चोटों के कारण ही रामू की जान गई है। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की। स्थिति को देखते हुए थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की।
यह भी पढ़ें- जालंधर की लकड़ी फैक्ट्री में आग, फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां पहुंची; फैलती लपटों के बीच लोगों को सुरक्षित निकाला
पत्नी को मिलेगी फैक्ट्री में नौकरी
कई घंटों तक चली चर्चा के बाद पुलिस की मौजूदगी में समझौता हो गया। थाना सिटी के प्रभारी अमनदीप नाहर ने बताया कि समझौते के तहत मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा मृतक की पत्नी गायत्री देवी को फैक्ट्री में नौकरी देने, परिवार को भविष्य निधि की राशि उपलब्ध करवाने और दोनों बच्चों को पेंशन देने का आश्वासन दिया गया है।
समझौते के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंटरनेट वॉर: वड़िंग ने कविता लिख साधा पंजाब सरकार पर निशाना, सीएम मान ने पोस्ट पर पलटवार कर बढ़ाई सियासी गर्मी