Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसर के शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट में लगी आग, चार दिन में दूसरा हादसा; श्रद्धालु बाल-बाल बचे

    Updated: Wed, 27 May 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

    अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद गंज साहिब में श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंट में आग लग गई। सेवादारों और संगत की सतर्कता से बड़ा हादसा ट ...और पढ़ें

    शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट से उठता धुआं व आग पर काबू पाते हुए श्रद्धालु व सेवादार।

    शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट से उठता धुआं व आग पर काबू पाते हुए श्रद्धालु व सेवादार।

    HighLights

    1. अमृतसर के शहीदां साहिब गुरुद्वारे में टेंट में आग लगी।

    2. सेवादारों और संगत ने मिलकर आग पर तुरंत काबू पाया।

    3. चार दिन में यह गुरुद्वारे में हुई दूसरी बड़ी घटना है।

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। भीषण गर्मी के बीच अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद गंज साहिब (शहीदां साहिब) में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए अस्थायी टेंट में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में हड़कंप पैदा कर दिया।

    हालांकि मौके पर मौजूद सेवादारों और संगत की तत्परता के चलते आग को समय रहते काबू में कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार बढ़ती गर्मी और तेज धूप से राहत देने के लिए गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने हेतु अस्थायी टेंट लगाया गया था।

    बुधवार दोपहर अचानक टेंट के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें फैलने लगीं। परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों की ओर भेजना शुरू कर दिया।

    यह भी पढ़ें- जालंधर की लकड़ी फैक्ट्री में आग, फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां पहुंची; फैलती लपटों के बीच लोगों को सुरक्षित निकाला

    shahheed

    टेंट में लगी आग पर पानी डालता श्रद्धालु।

    घटना देख सेवादार हुए सक्रिय

    घटना की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादार तुरंत सक्रिय हो गए। सेवादारों ने प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। संगत ने भी बाल्टियों और अन्य साधनों से आग बुझाने में सहयोग किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के समय परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। यदि आग तेजी से फैलती तो हालात गंभीर हो सकते थे। प्रारंभिक जांच में गर्मी और बिजली संबंधी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- इंटरनेट वॉर: वड़िंग ने कविता लिख साधा पंजाब सरकार पर निशाना, सीएम मान ने पोस्ट पर पलटवार कर बढ़ाई सियासी गर्मी

    रविवार गिरी थी लंगर हॉल की शटरिंग

    गौरतलब है कि इसी गुरुद्वारा साहिब में बीते दिनों भी बड़ा हादसा हुआ था। लंगर हाॅल की शटरिंग गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए थे। उस घटना के बाद सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पहले ही सवाल उठ रहे थे। अब चार दिन के भीतर दूसरी घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता और बढ़ गई है।

    श्रद्धालुओं का कहना है कि गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली संबंधी प्रबंधों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं प्रशासन और प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    यह भी पढ़ें- फरीदकोट में दर्दनाक हादसा, काम पर जा रहे दो युवकों की जान ले गई तेज रफ्तार कार