जानकारी के अनुसार बेरिया मोहल्ला स्थित एक मकान में दो प्रवासी परिवार किराए पर रहते हैं। शनिवार देर रात अचानक एक कमरे से शोर सुनाई दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर नाबालिग लड़की मृत अवस्था में मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने परिवार को पुलिस को सूचना देने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- न्यूयॉर्क के ड्राई डॉक में बड़ा धमाका, एक की मौत; 36 घायल
पंखे से लटकी मिली लड़की
परिवार का दावा है कि लड़की ने पंखे से लटककर जान दी है। मृतका के भाई ने बताया कि वह काम पर गया हुआ था। जब वह देर रात घर लौटा तो कमरे का दरवाजा बंद था। अंदर जाकर देखा तो उसकी बहन पंखे से लटकी हुई थी।
हालांकि मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब लड़की के गले पर कुछ निशान पाए गए। इसी वजह से पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे की बारीकी से जांच की गई और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई।
यह भी पढ़ें- पंजाब में आतंकी साजिश नाकाम, लुधियाना में हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़े गए दो गुर्गे; जर्मनी-दुबई कनेक्शन मिला
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी गुरदासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार काफी समय से किराए पर रह रहा था। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और चर्चा का माहौल है। लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच जारी है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।