पंजाब में अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन होगा या नहीं? हरियाणा CM ने अटकलों पर दिया जवाब
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में भाजपा और अकाली दल के गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया है। ...और पढ़ें

हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी (फाइल फोटो)
HighLights
सीएम सैनी ने पंजाब में गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट की
भाजपा का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है
पंजाब भाजपा सभी 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पीएम मोदी और सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात को सामान्य बताया।
सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। सैनी यह बात तब कह रहे थे जब उनसे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच फिर से गठबंधन की संभावना के बारे में पूछा गया।
क्यों चर्चा में आया गठबंधन का मुद्दा?
पिछले सप्ताह नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच बैठक हुई थी। जिसके बाद दोनों नेताओं की मुलाकात से कयास लगाए जाने लगे कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन हो सकता है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने गठबंधन को नकारते हुए मीडियाकर्मियों से कहा कि पंजाब की जनता अब समझ गई है कि राज्य का विकास और लोगों का कल्याण केवल 'डबल इंजन सरकार' से ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों के दिलों की आवाज हैं। अगर कोई प्रधानमंत्री से मिलना चाहता है, तो वह ऐसा करने के लिए आजाद है। प्रधानमंत्री से किसी की भी मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है।
खबरें और भी
पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने भी किया क्लियर
वहीं, भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने साफ किया कि बीजेपी पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अकाली दल से गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं। रूपनगर में सोमवार को भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे ढिल्लों ने कहा कि पार्टी की ओर से अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर ली गई है।