पंजाब के तरनतारन में अकाली दल और बीजेपी कार्यकर्ताओं में बहस के बाद हाथापाई, 80 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पंजाब के तरनतारन जिले के भिखीविंड में अकाली दल और भाजपा समर्थकों के बीच चुनावी प्रचार के दौरान हाथापाई हुई। ...और पढ़ें

फोटो एआई द्वारा बनाई गई है
HighLights
अकाली दल और भाजपा समर्थकों के बीच चुनावी प्रचार में झड़प
तरनतारन के भिखीविंड वार्ड 12 में हुई हाथापाई
तेजधार हथियारों का इस्तेमाल, 80 लोगों पर केस
जागरण संवदादाता, तरनतारन। नगर पंचायत भिखीविंड के वार्ड नंबर 12 से शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की प्रत्याशी मनजीत कौर व भाजपा प्रत्याशी बलविंदर कौर के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिअद नेता गौरवदीप सिंह वल्टोहा की ओर से किए जा रहे चुनाव प्रचार में भी बाधा डाली।
आरोपितों के पास दातर, तलवारें व अन्य तेजधार हथियार थे। शिअद प्रत्याशी के पति सरबजीत सिंह की बाइक भी तोड़ डाली। पुलिस ने करीब 80 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी।
वार्ड नंबर 12 के पूर्व पार्षद सरबजीत सिंह की पत्नी मनजीत कौर शिअद की ओर से प्रत्याशी हैं, जबकि भाजपा की ओर से गुरजंट सिंह जंटा की मां बलविंदर कौर मैदान में हैं। यहां से कांग्रेस की राजबीर कौर व आप की कमलप्रीत कौर चुनाव लड़ रहे हैं। वर्ष 2021 में हुए चुनाव के दौरान शिअद की तरफ से गुरजंट सिंह जंटा प्रत्याशी थे, जबकि कांग्रेस की तरफ से सरबजीत सिंह ने चुनाव जीत लिया था।
दोनों पक्षों के बीच हाथापाई
इस बार सरबजीत सिंह ने पासा बदलकर शिअद की तरफ से पत्नी मनजीत कौर को टिकट दिलाई। इस कारण सरबजीत सिंह व गुरजंट सिंह जंटा में सियासी दूरियां बढ़ने लगीं। शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे पूर्व पार्षद सरबजीत सिंह के वार्ड में शिअद के नेता गौरवदीप सिंह वल्टोहा चुनाव प्रचार कर रहे थे।
बीच में भाजपा प्रत्याशी बलविंदर कौर का बेटा गुरजंट सिंह जंटा समर्थकों समेत पहुंचा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तकरार बढ़ गई। दोनों तरफ से हाथापाई शुरू हो गई।
70 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर किया गया हंगामा
इस दौरान गुरजंट सिंह जंटा ने अपनी मां बलविंदर कौर, साथी राजबीर सिंह, राजन सिंह, निहाल सिंह, जशनदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह गोपी, गोपाल सिंह गोपाला, गुरप्रीत सिंह व करीब 70 अज्ञात साथियों से मिलकर सरबजीत सिंह के घर के बाहर खूब हंगामा किया।
खबरें और भी
तेजधार तलवारें, दातर व लाठियां लेकर विवाद करते हुए सरबजीत सिंह की बाइक तोड़ी व जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान गौरवदीप सिंह वल्टोहा ने भाजपा समर्थकों को शांत किया।
सूचना मिलते ही थाना भिखीविंड के प्रभारी एएसआइ सलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पूर्व पार्षद सरबजीत सिंह की शिकायत पर सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।