अमृतसर में ओवरटेक के दौरान हादसा; रेत से भरा ट्राला पलटने से तीन कारें दबीं, पटियाला के युवक की मौत, कई घायल
अमृतसर बाईपास पर रेत से भरा ट्राला ओवरटेक के दौरान पलट गया, जिससे तीन कारें उसके नीचे दब गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घाय ...और पढ़ें

जेसीबी की मदद से वाहनों को निकालने का प्रयास जारी है और क्षतिग्रस्त कार।
HighLights
अमृतसर बाईपास पर रेत से भरा ट्राला पलटा।
हादसे में तीन कारें दबीं, एक व्यक्ति की मौत।
कई लोग घायल, बाईपास पर लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर बाईपास पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में रेत से भरा बड़ा ट्राला पलट गया, जिसके नीचे तीन कारें आ गईं। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बाईपास पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब रेत से भरा ट्राला ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह फुटपाथ पर चढ़ते हुए एक ओर पलट गया। उसी समय ट्राले के साथ-साथ चल रही तीन कारें उसकी चपेट में आ गईं और ट्राले के नीचे दब गईं। कारों में सवार परिवारों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे।
यह भी पढ़ें- CLTA की नाबालिग खिलाड़ी से छेड़छाड़ केस, हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को अंतिम फैसला सुनाने से रोका
लोगों ने पहुंच राहत कार्य शुरू किया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी व अन्य उपकरणों की मदद से ट्राले के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। कारों में फंसे बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मरने वाले की पहचान पटियाला के नाभा इलाके में स्थित भरत नगर निवासी सुरेश कुमार बताई गई है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बठिंडा में सिविल अस्पताल के पास युवक गिरफ्तार; दो पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
एयरपोर्ट रोड पर लगा जाम
हादसे के कारण अमृतसर बाईपास पर दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एयरपोर्ट जाने वाले यात्री भी जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।