विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

China Masters: किदांबी श्रीकांत ने वर्ल्‍ड नंबर-9 को हराकर किया बड़ा उलटफेर, सात्विक-चिराग की जोड़ी भी जीती

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:52 PM (IST)

भारत के स्‍टार शटलर किदांबी श्रीकांत ने वर्ल्‍ड नंबर-9 विक्‍टर लाई को मात देकर बड़ा उलटफेर किया। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने भी जीत दर्ज की।

किदांबी श्रीकांत

किदांबी श्रीकांत

HighLights

  1. चीन मास्टर्स में महिला सिंगल्स में तन्वी शर्मा हुईं बाहर

  2. ध्रुव व तनीषा की मिक्‍स्‍ड डबल्‍स जोड़ी भी हारी 

  3. किदांबी श्रीकांत ने विक्‍टर लाई को दी मात

प्रेट्र, शेझेन। भारत के अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने गुरुवार को बड़ा उलटफेर करते हुए कनाडा के विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई को सीधे गेम में हराकर चीन मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

इस साल की शुरुआत में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले 33 वर्षीय श्रीकांत ने लाई पर 21-18 21-19 से जीत दर्ज करके उलटफेर किया। लाई ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। पूर्व नंबर एक और 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत अपने अगले मैच में हांगकांग के ली चेउक यिउ का सामना करेंगे।

श्रीकांत ने क्‍या कहा

33 वर्षीय श्रीकांत ने कहा, 'मैं वास्तव में स्कोर के बारे में नहीं सोच रहा था। मैं सिर्फ इस बात पर ध्यान दे रहा था कि पूरे मैच के दौरान मैं क्या करता आ रहा हूं और आगे मुझे क्या करना है। मैं केवल इसी बारे में सोच रहा था।'

उन्‍होंने आगे कहा, 'वह पिछले 12-14 महीनों से बहुत अच्छा खेल रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि यह एक नया दिन है और अगर मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता हूं, तो मेरे पास जीतने का मौका होगा। मैं यह नहीं सोच रहा था कि वह कैसा खेल रहा है। मैं सिर्फ इस बात पर ध्यान दे रहा था कि मुझे कैसे खेलना चाहिए।'

भारतीयों का प्रदर्शन

पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने फ्रांस के क्रिस्टो और टोमा जूनियर पोपोव बंधुओं को 21-15 22-24 21-9 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

महिला सिंगल्स में हाल ही में ताइपे ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा को दूसरे दौर में जापान की विश्व में नौवें नंबर की खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी से 17-21 21-18 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्तो भी मिक्स्ड डबल्स में चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई से 18-21, 18-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

यह भी पढ़ें- China Masters: श्रीकांत ने दूसरे दौर में किया प्रवेश, लक्ष्‍य सेन का पहले ही राउंड में सफर समाप्‍त

यह भी पढ़ें- China Masters 2026: चाइना मास्टर्स में भारत की अगुआई करेंगे लक्ष्य सेन, उन्नति हुड्डा पर भी रहेंगी नजरें