China Masters 2026: चाइना मास्टर्स में भारत की अगुआई करेंगे लक्ष्य सेन, उन्नति हुड्डा पर भी रहेंगी नजरें
विश्व चैंपियनशिप में निराशा के बाद लक्ष्य सेन मंगलवार से शुरू हो रहे चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में ...और पढ़ें

लक्ष्य सेन से हैं उम्मीदें
HighLights
लक्ष्य सेन चाइना मास्टर्स में भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे
पुरुष युगल में सात्विक-चिराग से पदक की उम्मीदें हैं
युवा महिला खिलाड़ी उन्नति हुड्डा पर भी रहेंगी निगाहें
पीटीआई, शेनझेन: विश्व चैंपियनशिप में शुरुआत में ही बाहर होने वाले लक्ष्य सेन अपनी इस निराशा को पीछे छोड़कर मंगलवार से शुरू होने वाले चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।
हालांकि सेन को पहले दौर में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। वह अपने शुरुआती मैच में फ्रांस के विश्व चैंपियन एलेक्स लैनियर का सामना करेंगे।
श्रीकांत भी लगाएंगे दम
जून में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल में पहुंचने वाले किदांबी श्रीकांत पहले मैच में चीनी ताइपे के ची यु-जेन का सामना करेंगे। इस सत्र में उनका प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। कनाडा ओपन में चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद कोरिया मास्टर्स में भी वे पहले ही दौर में बाहर हो गए।
पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद होगी। सात्विक और चिराग ने इस साल की शुरुआत में सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल का अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार खत्म किया। वे चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी के विरुद्ध अपना पहला मैच खेलेंगे।
महिला सिंगल्स में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
महिला सिंगल्स में भारत की निगाहें तीन युवा खिलाड़ियों उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा और देविका सिहाग पर टिकी रहेंगी। रोहतक की 18 वर्षीय उन्नति का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान यू से होगा। तन्वी का मुकाबला डेनमार्क की अमाली शुल्ज से होगा और देविका का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा।
अन्य मुकाबलों में हरिहरन आमसकारुनन और एम आर अर्जुन की पुरुष जोड़ी का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगा, जो 2021 के विश्व चैंपियन हैं।
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी के बाद समस्तीपुर के इशांत का जलवा, बिहार जूनियर बैडमिंटन टीम में हुआ चयन
यह भी पढ़ें- 15 साल का सूखा खत्म: BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में त्रिशा-गायत्री ने रचा इतिहास, भारत की झोली में डाला ब्रॉन्ज मेडल
