विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या 9 साल बाद भारत आएगा 'Miss World 2026' का ताज? 111 देशों की सुंदरियों को टक्कर दे रहीं MP की निकिता पोरवाल

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:47 PM (IST)

मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले वियतनाम में शुरू हो गया है, जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल कर रही हैं।

किसके सिर सजेगा मिस वर्ल्ड 2026 का ताज? (Picture Courtesy: Instagram)

किसके सिर सजेगा मिस वर्ल्ड 2026 का ताज? (Picture Courtesy: Instagram)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। खूबसूरती और समझदारी के सबसे बड़े मंच मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले आज शुरू हो चुका है। वियतनाम में आयोजित हो रहे इस ग्रांड फिनाले में दुनियाभर के देशों की प्रतिनिधी अपनी जी जान लगाकर इस ताज को अपने नाम करने में जुटी हुई हैं। 

मिस वर्ल्ड 2026 में इस साल भारत का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश की रहने वाली निकिता पोरवाल कर रही हैं। पूरे देश की निगाहें आज उन्हीं पर टिकी हैं। मिस वर्ल्ड के मंच पर भारत का परचम लहराते हुए देखना चाहते हैं, तो इसे आप जीयो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग शाम 5:30 बजे से शुरू हो चुकी है। 

कौन हैं निकिता पोरवाल?

मध्य प्रदेश की रहने वाली निकिता पोरवाल ने साल 2024 में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की है। मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने बतौर टीवी एंकर अपने करियर की शुरुआत की थी और थियेटर में भी काम किया।

रॉयल लुक से जीता दिल

मिस वर्ल्ड 2026 की तैयारियों के लिए निकिता इस महीने की शुरुआत में वियतनाम पहुंच गई थीं। इस प्रतियोगिता के डांस ऑफ द वर्ल्ड सेगमेंट के दौरान उनका रॉयल लुक काफी चर्चा में रहा। ब्लैक और गोल्ड रंग की बेहद खूबसूरत ड्रेस में वो सचमुच किसी राजकुमारी जैसी लग रही थीं। 

इस आउटफिट में स्कल्प्टेड ब्लाउज, नाजुक गोल्ड बॉडी चेन और मल्टी-कलर ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी। अपने लुक को खास बनाने के लिए उन्होंने पारंपरिक भारतीय गहने, जैसे- मांग टीका, हाथों में चूड़ियां, बाजूबंद, कमरबंद और पायल पहने थे। उनके इस लुक पर उनकी सोने की जूलरी से सजी चोटी ने चार चांद लगा दिए थे। 

111 कंटेस्टेंट्स के बीच कड़ा मुकाबला

मिस वर्ल्ड 2026 में कुल 111 प्रतियोगी हिस्सा ले रहे हैं। निकिता को ये ताज अपने नाम करने के लिए कई देशों की कंटेस्टेंट्स से टक्कर लेनी होगी। इस प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया की ओलिविया स्पोनोवस्की, बांग्लादेश की समंजर सईद, ब्राजील की गेब्रिएला बोटेलहो, फ्रांस की इंदिरा एम्पियोट, इंडोनेशिया की ऑड्रे बियान्का कैलिस्टा, जापान की युई कवाना, मलेशिया की तनुशिया चेट्टी, नेपाल की लूना लुइटेल, फिलीपींस की एशिया-रोज सिम्पसन और इंग्लैंड की ग्रेज रिचर्डसन शामिल हैं।

थाईलैंड की सुचता चुआंगस्री पहनाएंगी नया ताज

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ये 73वां संस्करण है, जिसकी आधिकारिक घोषणा 25 मार्च 2026 को हुई थी। आज इस इवेंट के अंत में मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता, थाईलैंड की सुचता चुआंगस्री, अपनी उत्तराधिकारी के सिर पर विश्व सुंदरी का ताज सजाएंगी। 

भारत ने आखिरी बार मिस वर्ल्ड का ताज 2017 में जीता था और मानुषी छिल्लर ने इस ताज को अपने सिर पर सजाया था। इस साल भारत की उम्मीदें निकिता पोरवाल पर टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- ताज जीता, बॉलीवुड के ऑफर ठुकराए और बन गईं डॉक्टर! दिलचस्प है भारत की पहली 'मिस वर्ल्ड' रीता फारिया की कहानी

यह भी पढ़ें- कौन हैं गोवा की Sadhvi Satish Sail? जिनके सिर सजा ‘मिस इंडिया 2026’ का चमचमाता ताज