विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बासी होने पर और भी लाजवाब हो जाता है इन 5 डिशेज का स्वाद, नहीं यकीन तो अगली सुबह आप भी कर सकते हैं ट्राई

Published: Sun, 06 Sep 2026 02:24 PM (IST)

गरमागरम ताजे खाने की बात ही अलग है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ डिशेज 'बासी' होने पर ही अपना असली जादू दिखाती हैं?

रात की बची हुई इन 5 डिशेज को सुबह गर्म करके खाएं (Image Source: AI-Generated)

रात की बची हुई इन 5 डिशेज को सुबह गर्म करके खाएं (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. कढ़ी पकौड़ा रात भर में गाढ़ा और स्वादिष्ट हो जाता है

  2. राजमा-छोले के दाने मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोखते हैं

  3. सरसों का साग और बिरयानी अगले दिन ज्यादा लजीज लगते हैं

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अक्सर हम रात का बचा हुआ खाना अगले दिन खाने से कतराते हैं या फिर उसे बेमन से खाते हैं। हमें लगता है कि ताजे खाने में जो स्वाद है, वो बासी में कहां!

हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हमारी रसोई में बनने वाली कुछ डिशेज ऐसी भी होती हैं, जिनका असली स्वाद उनके बासी होने पर ही निखर कर आता है? रात भर रखे रहने से इन सब्जियों में मसाले अच्छी तरह से रम जाते हैं, जिससे अगली सुबह इनका जायका दोगुना हो जाता है। आइए जानते हैं उन 5 लाजवाब डिशेज के बारे में, जिन्हें अगले दिन खाने का अपना एक अलग ही मजा है।

कढ़ी पकौड़ा

कढ़ी एक ऐसी डिश है जो जितनी पुरानी होती है, उतनी ही स्वादिष्ट लगती है। रात भर रखे रहने से कढ़ी गाढ़ी हो जाती है और उसमें खट्टापन बहुत अच्छी तरह से सेट हो जाता है। इतना ही नहीं, कढ़ी के अंदर मौजूद पकौड़े रात भर कढ़ी का सारा रस सोख लेते हैं और अगली सुबह रूई की तरह मुलायम हो जाते हैं। बासी कढ़ी को गर्म करके चावल या पराठे के साथ खाने का मजा ही कुछ और है।

राजमा और छोले

संडे के दिन अक्सर घरों में राजमा या छोले बनते हैं। जब ये ताजे बनते हैं, तो ग्रेवी और मसाले अलग-अलग महसूस हो सकते हैं। हालांकि, जब आप इन्हें रात भर फ्रिज में रख देते हैं, तो राजमा और छोले सारे मसालों का फ्लेवर अपने अंदर सोख लेते हैं। अगली सुबह इनकी ग्रेवी और भी ज्यादा गाढ़ी और लजीज हो जाती है। बासी राजमा को तवे पर हल्का सा भूनकर पराठे के साथ खाकर देखिए, आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

सरसों का साग

सर्दियों की जान 'सरसों का साग' धीमी आंच पर पकने वाली डिश है। इसे बनाने में जितनी मेहनत लगती है, इसका स्वाद भी उतना ही गहरा होता है। मगर सरसों के साग का असली स्वाद पकने के तुरंत बाद नहीं, बल्कि अगले दिन आता है। रात भर में साग का हल्का कड़वापन खत्म हो जाता है और सारे देसी मसाले इसमें पूरी तरह से घुल-मिल जाते हैं। मक्के की रोटी और सफेद मक्खन के साथ अगले दिन का सरसों का साग एक परफेक्शन है।

मसालेदार कटहल की सब्जी

कटहल की सब्जी जिसे अक्सर 'शाकाहारियों का मटन' भी कहा जाता है, बासी होने पर बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। ताजी सब्जी में कई बार कटहल के अंदर तक मसाले नहीं पहुंच पाते, लेकिन रात भर रखे रहने से इसके रेशे-रेशे में मसालों का तीखापन और स्वाद समा जाता है। अगली सुबह यह सब्जी और भी ज्यादा रसदार और चटपटी लगती है।

बिरयानी या पुलाव

चाहे वेज बिरयानी हो या नॉन-वेज, ताजी बिरयानी से ज्यादा स्वादिष्ट अगली सुबह की बिरयानी होती है। बिरयानी में इस्तेमाल होने वाले खड़े मसाले, जैसे- लौंग, इलायची या दालचीनी रात भर चावलों के साथ अपना पूरा फ्लेवर छोड़ते हैं। अगले दिन जब आप इसे हल्का सा गर्म करते हैं, तो पूरे घर में इसकी महक फैल जाती है और चावल का हर एक दाना मसालों के स्वाद से भरा हुआ महसूस होता है। बस जरूरी है कि आप खाने को हमेशा साफ बर्तन में और फ्रिज में ही स्टोर करें, ताकि वह खराब न हो।

यह भी पढ़ें- तलते समय तेल में फट जाते हैं कोफ्ते? इस आसान ट्रिक से घर पर बनाएं परफेक्ट 'मलाई कोफ्ता'

यह भी पढ़ें- कभी राजा-महाराजाओं के फेवरेट थे घर में बनने वाले ये 5 पकवान, आज भी हैं हमारी थाली की शान