विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस आसान रेसिपी से मिनटों में तैयार करें राजस्थानी स्टाइल दही मिर्ची, बोरिंग खाना भी बन जाएगा सुपर टेस्टी

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:14 PM (IST)

अगर आप भी अपने रोजमर्रा के सादे खाने का स्वाद दोगुना करना चाहते हैं, तो राजस्थान की मशहूर 'दही मिर्ची' आपके लिए सबसे बेहतरीन डिश है।

बोरिंग खाने का स्वाद बदल देगी राजस्थानी दही मिर्ची (Image Source: AI-Generated)

बोरिंग खाने का स्वाद बदल देगी राजस्थानी दही मिर्ची (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. दही मिर्ची बनाने की आसान और झटपट रेसिपी

  2. सामान्य रसोई सामग्री से तैयार, 4-5 दिन स्टोर करें

  3. बोरिंग खाने को भी स्वादिष्ट और चटपटा बनाए

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या कभी ऐसा होता है कि आपके सामने गरमागरम खाना रखा हो, लेकिन रोज वही दाल-रोटी या सब्जी देखकर खाने का मन न करे? ऐसे में, जुबान कुछ तीखा और चटपटा ढूंढने लगती है, जिसके लिए दही मिर्ची एक बेस्ट ऑप्शन है।

जी हां, इसे बनाना इतना आसान है कि इसे कोई भी रसोई में फटाफट तैयार कर सकता है। इसके लिए आपको बाजार से कोई खास सामान लाने की भी जरूरत नहीं है, सारी चीजें आपकी किचन में ही आसानी से मिल जाएंगी। दही का खट्टापन और मिर्ची का हल्का तीखापन मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं कि आप दो की जगह चार रोटियां खा जाएंगे। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान रेसिपी।

दही मिर्ची बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • हरी मिर्च - 10 से 12
  • ताजा दही - आधा कप (अच्छी तरह फेंटा हुआ)
  • तेल - 2 बड़े चम्मच
  • राई और जीरा - आधा-आधा चम्मच
  • सौंफ - 1 चम्मच (दरदरी कुटी हुई, इससे स्वाद बहुत अच्छा आता है)
  • हींग - एक चुटकी
  • हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और नमक - स्वादानुसार

दही मिर्ची बनाने का आसान तरीका

  • सबसे पहले हरी मिर्चों को पानी से अच्छी तरह धोकर किसी साफ कपड़े से पोंछ लें। अब हर मिर्ची के बीच में चाकू से एक लंबा चीरा लगा दें, ताकि पकते समय मसाले अंदर तक आसानी से जा सकें। अगर मिर्च ज्यादा लंबी है, तो आप अपनी सुविधानुसार उसके दो टुकड़े भी कर सकते हैं।
  • अब गैस पर एक पैन या छोटी कड़ाही रखें और उसमें तेल गरम करें। तेल गरम होते ही उसमें राई, जीरा, हींग और कुटी हुई सौंफ डाल दें। राजस्थानी खाने में सौंफ की खुशबू इस डिश की असली जान होती है। जैसे ही मसाले चटकने लगें, कटी हुई हरी मिर्च कढ़ाई में डाल दें और उन्हें 2 से 3 मिनट तक मध्यम आंच पर हल्का फ्राई करें ताकि उनका कच्चापन निकल जाए।
  • जब मिर्चें थोड़ी नर्म हो जाएं, तो उसमें हल्दी, धनिया पाउडर और नमक मिला दें। मसालों को मिर्च के साथ अच्छे से मिक्स करें। अब आता है सबसे जरूरी कदम - गैस की आंच बिल्कुल धीमी कर दें और कढ़ाई में फेंटा हुआ दही डाल दें।
  • दही डालते ही इसे लगातार चम्मच से चलाते रहें। ऐसा करना बहुत जरूरी है ताकि दही फटे नहीं। इसे तब तक पकाते रहें जब तक दही का पानी पूरी तरह सूख न जाए और मसाले के किनारों से तेल अलग न होने लगे।
  • बस, आपकी शानदार और चटपटी राजस्थानी दही मिर्ची बिल्कुल तैयार है। आप इसे दाल-चावल, भरवां पराठे या सादी रोटी के साथ साइड डिश के तौर पर परोस सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसे एक एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में भी रख सकते हैं और 4-5 दिनों तक इसके स्वाद का आनंद ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सादी पीली दाल से भर गया है मन? तो बनाएं गढ़वाल की स्पेशल प्रोटीन से भरपूर 'चैसोणी', नोट करें रेसिपी

यह भी पढ़ें- लौकी ही नहीं, इन सब्जियों से भी बनते हैं लाजवाब कोफ्ते, वीकेंड मेन्यू में आज ही करें शामिल