बिना प्याज के बनाएं ढाबे जैसी गाढ़ी और टेस्टी ग्रेवी, बढ़ते दामों के बीच नहीं बिगड़ेगा रसोई का बजट
प्याज की बेतहाशा बढ़ती कीमतों के बीच आप अपने किचन में शेफ्स के कुछ खास ट्रिक्स आजमा सकते हैं।

क्या बिना प्याज के बन सकती है बेहतरीन ग्रेवी? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। प्याज के दाम एक बार फिर आसमान पर हैं और इस बार यह काटने से ज्यादा खरीदते वक्त रुला रहा है। मानसून में देरी के चलते बाजार में प्याज की भारी किल्लत है, जिससे कीमतें पिछले साल के मुकाबले 60% बढ़कर 80 से 100 रुपये किलो तक जा पहुंची हैं।
हालांकि, इस पूरे संकट के बीच एक बात हैरान करती है। आखिर रेस्टोरेंट्स अपने खाने का स्वाद और बिल दोनों कैसे मेंटेन कर रहे हैं? दरअसल, इसका जवाब शेफ्स की नई और स्मार्ट किचन स्ट्रैटेजी में छिपा है। महंगे प्याज का रोना रोने के बजाय, शेफ्स अब नए विकल्पों और यूनीक कुकिंग स्टाइल का रुख कर रहे हैं।

(Image Source: AI-Generated)
बिना प्याज के भी स्वाद में कोई कमी नहीं
जब किसी सामग्री के दाम अचानक से बढ़ जाएं, तो रसोई में कुछ नया आजमाने का यही सही समय होता है। जी हां, डिश की क्वालिटी से कोई समझौता किए बिना इन दिनों सूखे प्याज का पाउडर, हरे प्याज और पत्तागोभी का भी स्मार्ट यूज किया जा रहा है।
भारतीय कुकिंग पर गौर करें, तो हमारी रसोई में पहले से ही ऐसे कई बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं जिनमें प्याज की बिल्कुल जरूरत नहीं होती। जी हां, हम टमाटर-काजू, पत्तागोभी-टमाटर या नारियल के बेस वाली ग्रेवी की बात कर रहे हैं। इसके अलावा, मखनी ग्रेवी, पालक की ग्रेवी और गाढ़ेपन के लिए बेसन-दही वाली ग्रेवी भी बिना प्याज के किसी भी डिश को बेहद स्वादिष्ट बना देती है।
'जीरो वेस्टेज' पर है शेफ्स का पूरा फोकस
दूसरी तरफ, कुछ शेफ्स अपनी क्लासिक रेसिपी से कोई छेड़छाड़ नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनका पूरा ध्यान किचन में होने वाली बर्बादी को रोकने पर है। उनका मानना है कि प्याज की जगह किसी अन्य चीज का इस्तेमाल करने से बेहतर है कि किचन के काम को ज्यादा बेहतर तरीके से किया जाए। उनका फोकस स्मार्ट तरीके से सामान खरीदने, सर्विंग पोर्शन को कंट्रोल करने और सामान की जरा-सी भी बर्बादी न होने देने पर है।
आपके लिए भी हैं कुछ शानदार किचन हैक्स
अगर आप भी घर के बजट को महंगे प्याज से बचाना चाहते हैं, तो इन आसान टिप्स को आजमा सकते हैं:
- गर्म तेल में बस एक चुटकी हींग भून लें, इससे आपके खाने में बिल्कुल प्याज और लहसुन जैसी खुशबू आ जाएगी।
- प्याज का पाउडर काफी किफायती होता है। यह महीनों तक खराब नहीं होता और खाने में तुरंत एक गहरा स्वाद जोड़ देता है।
- खाने में एक फ्रेश फ्लेवर के लिए आप हरे प्याज के ऊपरी हिस्से का बहुत अच्छी तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।
- अगर आप पत्तागोभी को बारीक काटकर एकदम मुलायम होने तक पकाएं, तो यह ग्रेवी में बिल्कुल गले हुए प्याज जैसी ही कंसिस्टेंसी लाती है।
- सूप और सांभर जैसी चीजों को गाढ़ा बनाने के लिए प्याज के बजाय मैश किए हुए आलू या उबली हुई लौकी मिलाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें- बिना प्याज के क्या बनाएं? महंगाई के बीच ये 7 सब्जियां स्वाद में नहीं छोड़ेंगी कोई कमी
