विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना प्याज के क्या बनाएं? महंगाई के बीच ये 7 सब्जियां स्वाद में नहीं छोड़ेंगी कोई कमी

Published: Wed, 26 Aug 2026 06:00 PM (IST)

प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच, यह लेख बिना प्याज के बनने वाली 7 स्वादिष्ट भारतीय सब्जियों के बारे में ...और पढ़ें

प्याज के बिना भी बनाएं लाजवाब पकवान (Picture Credit- AI Generated)

प्याज के बिना भी बनाएं लाजवाब पकवान (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच ट्राई करें सब्जी के दूसरे विकल्प

  2. आलू जीरा, लौकी चना दाल जैसे 7 व्यंजन बना सकते हैं

  3. बिना प्याज भी बन सकता है स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में प्याज की कीमतों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। प्याज हमारे किचन में मौजूद एक लोकप्रिय सब्जी है, जिसका इस्तेमाल लगभग हर रोज खाने में किया जाता है। 

ऐसे में अचानक कीमतों में यह उछाल कई लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुका है, क्योंकि कई लोगों के लिए इसके बिना खाना पकाना काफी मुश्किल हो जाता है। अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो प्याज की बढ़ी कीमतों की वजह से परेशान हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। 

दरअसल, भारतीय खाने में प्याज के बिना भी कई स्वादिष्ट सब्जियां बनती हैं, जो स्वाद से भरपूर होती हैं। प्याज के बिना बनने वाली कई मजेदार करी और सूखी सब्जियों हैं, जो साबित करती हैं कि एक अच्छा और पेट भरने वाला खाना बनाने के लिए प्याज की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ सब्जियों के बारे में-

आलू जीरा

यह उत्तर भारत की एक क्लासिक और बेहद पसंदीदा डिश है। इसे बिना प्याज के बनाना काफी आसान है। उबले आलू, जीरा, हरी मिर्च और ताजे धनिए से बनने वाली यह सब्जी जल्दी बन जाती है, सस्ती भी है और दाल-रोटी के साथ बहुत अच्छी भी लगती है।

लौकी चना दाल

यह खाने का न सिर्फ एक हेल्दी, बल्कि बेहद ही टेस्टी ऑप्शन है। बिना प्याज के भी यह डिश काफी स्वादिष्ट लगती है। प्रोटीन से भरपूर यह डिश लौकी और चने की दाल का मेल है। अदरक, टमाटर और थोड़ी-सी हींग बिना प्याज के भी इसमें स्वाद का तड़का लगाती है।

भिंडी मसाला

भिंडी कई लोगों की पसंदीदा सब्जी होती है, जिसे लोग अक्सर शौक से खाते हैं। इस सब्जी की अच्छी बात यह है कि इसे बिना प्याज के भी आसानी से बनाया जा सकता है। हल्दी, धनिया, सौंफ और अमचूर के साथ पकाई गई कुरकुरी भिंडी एक चटपटी और खुशबूदार साइड डिश बनाती है, जो लंचबॉक्स के लिए एकदम सही है।

कद्दू की सब्जी

सरसों के दाने, मेथी, गुड़ और अमचूर के साथ पकाने पर कद्दू का स्वाद अपने आप ही मक्खन जैसा और मीठा हो जाता है। कई भारतीय घरों में त्योहारों के समय यह सब्जी जरूर बनती है। यह बिना प्याज से बनने वाली एक बेहद स्वादिष्ट सब्जी है। 

बैंगन टमाटर

अगर आप बिना प्याज की सब्जी का कोई ऑप्शन खोज रहे हैं, तो बैंगन टमाटर बढ़िया साबित होंगे। प्याज के बजाय, पके हुए टमाटर इस स्मोकी बैंगन करी का बेस बनते हैं। साथ ही लहसुन और भुना हुआ जीरा इसके स्वाद को और भी ज्यादा बढ़ा देते हैं।

टिंडा मसाला

टिंडे का नाम सुनते ही कई लोग नाक-मुंह सिकोड़ने लगते हैं, लेकिन अक्सर इग्नोर होने वाली यह सब्जी बिना प्याज के भी बन जाती है और खाने में काफी स्वादिष्ट भी लगती है। टिंडे की सब्जी टमाटर, अदरक, जीरा और ताजे धनिए के साथ पकाने पर बहुत स्वादिष्ट लगती है।

अरबी फ्राई

अगर आप बिना प्याज की कोई स्वादिष्ट सब्जी बनाना चाहते हैं, तो अरबी फ्राई कर ट्राई सकते हैं। अजवाइन, लाल मिर्च और धनिया पाउडर के साथ पैन में फ्राई करने पर उबली हुई अरबी बहुत कुरकुरी हो जाती है। यह आलू का भी एक बढ़िया विकल्प है।