‘कोरियन ग्लास स्किन' के लिए क्यों बहाने हजारों रुपये? दादी-नानी के घरेलू नुस्खे लाएंगे चेहरे पर शीशे जैसी चमक
कोरियन ग्लास स्किन पाने के लिए महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय दादी-नानी के घरेलू नुस्खे आजमाएं। ये प्राकृतिक उपाय त्वचा को चमकदार और स्वस्थ बनाते हैं।

त्वचा को ग्लोइंग बनाने के लिए क्या करें? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल हर किसी के सिर पर कोरियन ग्लास स्किन पाने का खुमार छाया हुआ है। लोग अपनी स्किन को शीशे जैसा चमकता हुआ बनाने के लिए महंगे सीरम, शीट मास्क और कई तरह की क्रीम पर हजारों रुपए पानी की तरह बहा देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं हमारी-दादी के पास ऐसे नुस्खे थे, जो घर बैठे चेहरे को निखारते थे।
दादी-नानी के ज्यादातर नुस्खे प्राकृतिक चीजों से बने होते थे और आसानी से रसोई में ही मिल जाते थे। अपनी त्वचा को निखारने के लिए आप भी इन नुस्खों को आजमा कर देख सकते हैं।
बेसन, हल्दी और कच्चे दूध का उबटन
बेसन, हल्दी और कच्चे दूध से बना उबटन चेहरे के डेड सेल्स को साफ करता है, एंटी-ऑक्सीडेंट्स दाग-धब्बों को कम करते हैं और चेहरे की गहराई से सफाई करता है। इस उबटन को बनाने के लिए दो चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी और थोड़ा कच्चा दूध मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इसे अपने चेहरे पर लगाएं और अपनी 20 मिनट बाद हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें और पानी से धो लें।
कच्चे आलू का रस
कच्चे आलू का रस डार्क स्पॉट्स को हल्का करने में मदद करता है। एक छोटे आलू को कद्दूकस करके उसका रस निकाल लें और रुई की मदद से इसे पूरे चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें। आलू में ब्लीचिंग एजेंट्स होते हैं, जो आंखों के नीचे के काले घेरों और डार्क स्पॉट्स को हल्का करने में मदद करते हैं।
मलाई और शहद का मॉइश्चराइजर
ड्राई स्किन के लिए ये नुस्खा बहुत कारगर है। आधा चम्मच मलाई में आधा चम्मच शहद मिलाएं और चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मालिश करें। मलाई और शहद त्वचा को मॉइश्चराइज करने में मदद करता है। इससे स्किन काफी ग्लोइंग और मुलायम बनती है।
गुलाब जल और एलोवेरा जेल का टोनर
इस टोनर को रात के समय लगा सकते हैं। रात को स्किन खुद को रिपेयर करती है। इस टोनर को लगाने से स्किन की सूजन और रेडनेस कम होती है और चेहरा फ्रेश नजर आता है। इस टोनर को बनाने के लिए फ्रेश एलोवेरा जेल में बराबर मात्रा में गुलाब जल मिलाएं और अपने चेहरे पर लगाकर सो जाएं। सुबह पानी से इसे धो लें।
