विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Skincare Decoded: क्या है ट्रैनेक्सैमिक एसिड और चेहरे के दाग-धब्बे हटाने में यह कितना असरदार है?

Published: Fri, 15 May 2026 06:00 PM (IST)

इस आर्टिकल में हम एक ऐसे 'स्किनकेयर एक्टिव' के बारे में बात करने जा रहे हैं, जो जिद्दी पिगमेंटेशन और ...और पढ़ें

क्या सच में झाइयां खत्म कर सकता है ट्रैनेक्सैमिक एसिड? (Image Source: AI-Generated)

क्या सच में झाइयां खत्म कर सकता है ट्रैनेक्सैमिक एसिड? (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। स्किनकेयर की दुनिया में हर दिन नए-नए इंग्रेडिएंट्स के बारे में सुनने को मिलता है। हमारी इस स्किनकेयर एक्टिव्स सीरीज में आज हम एक बेहद खास और असरदार इंग्रीडिएंट के बारे में बात करेंगे, जो है ट्रैनेक्सैमिक एसिड (Tranexamic Acid)।

कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. जैसमीन कौर कोहली के साथ हुई बातचीत के आधार पर, हमने यह खास आर्टिकल तैयार किया है। आइए जानते हैं कि ये स्किनकेयर एक्टिव आपकी त्वचा को कैसे निखारता है और इसे अपने रूटीन में कैसे शामिल करना चाहिए।

Tranexamic Acid

(Image Source: AI-Generated) 

सवाल 1. ट्रैनेक्सैमिक एसिड असल में क्या है?

जवाब: ट्रैनेक्सैमिक एसिड मूल रूप से एक दवा है, जिसका इस्तेमाल खून का थक्का जमाने और ब्लीडिंग रोकने के लिए किया जाता है, लेकिन स्किनकेयर में इसका इस्तेमाल बिल्कुल अलग है। यहां इसका इस्तेमाल पिगमेंटेशन को दूर करने के लिए होता है। यह त्वचा की ऊपरी सतह पर काम करने के बजाय गहराई में जाकर पिगमेंटेशन के मुख्य कारणों को रोकता है।

सवाल 2. त्वचा को कैसे निखारता है ट्रैनेक्सैमिक एसिड?

जवाब: यह आम क्रीम की तरह तुरंत 'ग्लो' नहीं देता। इसका काम करने का तरीका धीमा है। यह त्वचा में सूजन और मेलेनिन बनाने की प्रक्रिया को रोकता है। लगातार इस्तेमाल से यह डार्क स्पॉट्स और असमान त्वचा को धीरे-धीरे हल्का करता है।

सवाल 3. क्या ट्रैनेक्सैमिक एसिड ग्लाइकॉलिक या सैलिसिलिक एसिड की तरह एक्सफोलिएट करता है?

जवाब: बिल्कुल नहीं। इसके नाम में 'एसिड' जरूर जुड़ा है, जिससे अक्सर कन्फ्यूजन होता है, लेकिन यह त्वचा को एक्सफोलिएट नहीं करता। यह ऊपरी परत पर नहीं, बल्कि पिगमेंटेशन के रास्तों पर काम करता है, इसलिए यह अन्य एसिड्स की तुलना में बहुत जेंटल होता है।

सवाल 4. ट्रैनेक्सैमिक एसिड और विटामिन C में क्या अंतर है?

जवाब: दोनों का इस्तेमाल पिगमेंटेशन के लिए होता है, लेकिन इनके काम अलग हैं। विटामिन C एक एंटीऑक्सीडेंट है जो पूरी त्वचा में चमक लाता है और उसे नुकसान से बचाता है। वहीं, ट्रैनेक्सैमिक एसिड सीधे एक्स्ट्रा पिगमेंट को कम करने पर वार करता है। जिद्दी दाग-धब्बों के लिए इसे विटामिन C की जगह नहीं, बल्कि विटामिन C के साथ इस्तेमाल किया जाता है।

सवाल 5. क्या इसका इस्तेमाल मेलाज्मा के लिए किया जा सकता है?

जवाब: जी हां, इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल मेलाज्मा के लिए ही होता है। क्लीनिकल डेटा भी बताता है कि यह झाइयों पर बहुत असरदार है। स्किनकेयर के लिए इसे हमेशा त्वचा पर लगाने की सलाह दी जाती है। कुछ मामलों में डॉक्टर इसे खाने वाली दवा के रूप में भी देते हैं, लेकिन वह पूरी तरह से मेडिकल देखरेख में होना चाहिए।

सवाल 6. क्या ट्रैनेक्सैमिक एसिड का इस्तेमाल रोज कर सकते हैं?

जवाब: हां, आप इसे रोज इस्तेमाल कर सकते हैं। क्योंकि यह बहुत अग्रेसिव या हार्ड नहीं है, इसलिए इससे आमतौर पर जलन नहीं होती। दिन में एक या दो बार इसे लगाना काफी है। स्किनकेयर में सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि आप इसे लगातार इस्तेमाल करें।

सवाल 7. बेहतरीन रिजल्ट्स के लिए ट्रैनेक्सैमिक एसिड का यूज किसके साथ करें?

जवाब: आप इसे अपने स्किनकेयर रूटीन के हिसाब से नियासिनामाइड, विटामिन C या हल्के एक्सफोलिएंट्स के साथ लगा सकते हैं। लेकिन एक चीज जो सबसे ज्यादा जरूरी है, वह है सनस्क्रीन। अगर आप पिगमेंटेशन का इलाज कर रहे हैं और सनस्क्रीन नहीं लगा रहे हैं, तो आपकी सारी मेहनत बेकार हो जाएगी।

सवाल 8. क्या ट्रैनेक्सैमिक एसिड सभी स्किन टोन के लिए सुरक्षित है?

जवाब: हां, और यह इसका एक बहुत बड़ा फायदा है। ट्रैनेक्सैमिक एसिड हर तरह के स्किन टोन के लिए सुरक्षित है, खासकर गहरे रंग की त्वचा वालों के लिए जिन्हें पिगमेंटेशन की समस्या ज्यादा होती है। जेंटल होने के कारण इससे जलन का खतरा बहुत कम होता है।

सवाल 9. ट्रैनेक्सैमिक एसिड के नतीजे दिखने में कितना समय लगता है?

जवाब: इसमें आपको थोड़ा सब्र रखना होगा, यह कोई तुरंत असर करने वाला जादू नहीं है। ज्यादातर लोगों को इसके लगातार इस्तेमाल के 8 से 12 हफ्तों के बाद असर दिखना शुरू होता है। शुरुआत में बदलाव हल्का होता है, लेकिन धीरे-धीरे पूरी त्वचा का रंग एक समान लगने लगता है।

सवाल 10. क्या ट्रैनेक्सैमिक एसिड के कोई साइड इफेक्ट्स हैं?

जवाब: त्वचा पर लगाने के मामले में यह बहुत सुरक्षित है और इसके साइड इफेक्ट्स न के बराबर हैं। प्रोडक्ट के फॉर्मूले के आधार पर कुछ लोगों को बहुत हल्की जलन हो सकती है, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के ओरल फॉर्म में इसका इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे खून के थक्के बनने का गंभीर जोखिम रहता है।

यह भी पढ़ें- Skincare Decoded: झुर्रियां मिटाने और डैमेज स्किन बैरियर को ठीक करने में कितने असरदार हैं पेप्टाइड्स?

यह भी पढ़ें- Skincare Decoded: ग्लोइंग स्किन के लिए न रहें विटामिन-C के भरोसे! Ferulic Acid कर सकता है कमाल