Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंद दूरी पर TMH अस्पताल और पुलिस चौकी, फिर भी आधे घंटे सड़क पर तड़पता रहा घायल; जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा

    Updated: Tue, 02 Jun 2026 12:32 PM (IST)

    जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर के पास टाटा स्टील की दमकल गाड़ी की चपेट में आने से जुगसलाई निवासी हुषाम अख्तर की मौत हो गई। परिजनों ने समय ...और पढ़ें

    जुगसलाई निवासी हुषाम अख्तर ने तोड़ा दम, हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान।

    जुगसलाई निवासी हुषाम अख्तर ने तोड़ा दम, हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान।

    HighLights

    1. टीएमएच गोलचक्कर पर दमकल से टक्कर।

    2. हुषाम अख्तर की मौके पर ही दर्दनाक मौत।

    3. परिजनों ने इलाज में देरी पर जताया रोष।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त टीएमएच गोलचक्कर के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मो. हुषाम अख्तर (44 वर्ष) की मौत हो गई। वह जुगसलाई के पीबी रोड स्थित मस्जिद गली निवासी मो. सलाम के पुत्र थे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हुषाम अपनी मोटरसाइकिल से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे, तभी टाटा स्टील की दमकल गाड़ी (फायर ब्रिगेड) से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक से नियंत्रण खोकर गिर गए और दमकल के पिछले पहिए की चपेट में आ गए।

    हादसे के समय हुषाम ने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहन रखा था, लेकिन भारी वाहन के नीचे आ जाने से वह गंभीर रूप से चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) और बिष्टुपुर पुलिस सहायता केंद्र (टीओपी) होने के बावजूद करीब आधे घंटे तक उन्हें कोई आपातकालीन चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी।

    बाद में लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। समय पर प्राथमिक उपचार न मिलने को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष देखा गया। दुर्घटना के बाद मृतक के नाराज स्वजनों ने टाटा स्टील के मुख्य गेट को जाम करने का प्रयास किया।

    खबरें और भी

    इस मामले में टाटा स्टील प्रबंधन के अधिकारी, मृतक के स्वजन व बिष्टुपुर थाना की पुलिस के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई जिसमें स्वजनों ने मृतक की विधवा को कंपनी में स्थायी नौकरी देने व तीन बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की मांग की।

    बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और दमकल वाहन को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे के बाद शहर के व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को लेकर एक बार फिर चिंता जताई जा रही है।

    पेट्रोल भराने जा रही थी दमकल की गाड़ी

    प्राप्त जानकारी के अनुसार टाटा स्टील की दमकल गाड़ी सोनारी एयरपोर्ट पर तैनात थी। घटना के समय वह पेट्रोल भराने के लिए बिष्टुपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दुर्घटना हुई। इस मामले में टाटा स्टील प्रबंधन ने भी जांच के आदेश दिए हैं।

    कंपनी प्रबंधन ने जताया दुख

    टाटा स्टील के प्रवक्ता ने कहा- टीएमएच के पास हुए दुखद सड़क हादसे से हम बेहद दुखी हैं। टाटा स्टील की दमकल गाड़ी से हुई दुर्घटना में जुगसलाई निवासी की मौत हो गई। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं व प्रार्थनाएं मृतक के परिवार के साथ है। हम मृतक के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- TMH Bone Marrow Transplant: अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा मुंबई, टाटा मेन हॉस्पिटल में जल्द शुरू होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट

    यह भी पढ़ें- बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, प्रदर्शन के दौरान मौत मामले में FIR खारिज