Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ₹1 करोड़ के इनामी आकाश समेत 8 माओवादियों के पीछे पड़ी पुलिस, दलमा से बंगाल तक नक्सलियों में खलबली!

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 11:22 PM (IST)

    पूर्वी सिंहभूम के दलमा और सटे वन्य क्षेत्रों में एक करोड़ के इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश समेत नक्सलियों की सक्रियता पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। ...और पढ़ें

    कोल्‍हान में नक्‍सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का फाइल फोटो।

    कोल्‍हान में नक्‍सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का फाइल फोटो।

    HighLights

    1. दलमा में एक करोड़ के इनामी नक्सली आकाश की सक्रियता।

    2. सुरक्षा बलों ने तीन दिवसीय सघन तलाशी अभियान चलाया।

    3. नक्सली दलमा से पश्चिम बंगाल सीमा की ओर बढ़े।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के दलमा और उससे सटे वन्य क्षेत्रों में नक्सलियों की बड़ी हलचल को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। 
     
    एक करोड़ रुपये के इनामी केंद्रीय समिति सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश और उसके दस्ते की सक्रियता की खुफिया जानकारी मिलने के बाद, पुलिस और सुरक्षा बलों ने लगातार तीन दिनों तक जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। 
     
    हालांकि, इस दौरान नक्सलियों से कोई आमना-सामना नहीं हुआ। सुरक्षा एजेंसियों का अनुमान है कि सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव को देखते हुए माओवादी दस्ता लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और अब दलमा के जंगलों से निकलकर पश्चिम बंगाल सीमा की ओर बढ़ गया है।
     

    दस्ते में शामिल हैं अत्याधुनिक हथियारों से लैस नक्सली

    खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, इस दस्ते में एक करोड़ से लेकर दो लाख रुपये तक के कई इनामी नक्सली शामिल हैं, जो एके-47 और एसएलआर जैसे घातक हथियारों से लैस हैं:

    •     असीम मंडल उर्फ आकाश: मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर (उत्तर फुलचक) का निवासी। यह केंद्रीय समिति का सदस्य है और एके-47 रायफल से लैस रहता है। 
    •     मदन महतो (इनाम: ₹15 लाख): पश्चिम मिदनापुर का रहने वाला यह नक्सली भी एके-47 के साथ दस्ते में सक्रिय है।
    •     रामदास मार्डी उर्फ सचिन: रीजनल कमेटी सदस्य, जो पटमदा के झुझका का निवासी है और एके-47 लेकर चलता है।
    •     मंगल सिंह सरदार उर्फ पांडू (इनाम: ₹5 लाख): पश्चिम बंगाल के लालगढ़ का निवासी, जो एसएलआर (SLR) रायफल के साथ दस्ते में शामिल है।
    •     गौरी उर्फ बुलू (इनाम: ₹5 लाख): सब-जोनल सदस्य, पश्चिम मिदनापुर का निवासी, जो इंसास (INSAS) रायफल लेकर चलता है।
    •     मालती उर्फ मलूटी (इनाम: ₹2 लाख): झारग्राम की एरिया कमांडर, जो इंसास रायफल से लैस है। इसके साथ ही दस्ते में रीजनल कमेटी सदस्य रवि सरदार भी सक्रिय है।


    सीमाई इलाकों में चौकसी बढ़ी, जारी रहेगा अभियान

    माओवादियों के इस मूवमेंट को देखते हुए झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित थानों और सुरक्षा कैंपों को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस और अर्धसैनिक बल दलमा से सटे जंगलों और दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी रख रहे हैं। 
     
    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुफिया इनपुट के आधार पर यह नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि नक्सलियों की किसी भी बड़ी साजिश को नाकाम किया जा सके।

    यह भी पढ़ें- लातेहार में इनामी इनामी नक्सली की निशानदेही पर बड़ी कामयाबी, AK-56 राइफल समेत 90 जिंदा कारतूस बरामद

    यह भी पढ़ें- Naxal Operation: दलमा के जंगलों में ₹1 करोड़ के इनामी माओवादी आकाश की घेराबंदी, CRPF का बड़ा एक्शन