Naxal Operation: दलमा के जंगलों में ₹1 करोड़ के इनामी माओवादी आकाश की घेराबंदी, CRPF का बड़ा एक्शन
पूर्वी सिंहभूम के दलमा जंगलों में 1 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश की सक्रियता की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कि ...और पढ़ें

नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दलमा के जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी.
CRPF, जिला पुलिस, झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम.
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के दलमा और उससे सटे सीमावर्ती जंगलों में एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश तथा उसके दस्ते में शामिल आठ खूंखार उग्रवादियों की सक्रियता की खुफिया सूचना मिली है।
इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में व्यापक सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह क्षेत्र से जुड़े दलमा, केशरपुर, तुंगबुरू, भुइयासीन, बुरुडीह, चमटा और दीघा के घने जंगलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), जिला पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर जिन पुलिस पिकेटों को पहले हटा दिया गया था, वहां दोबारा भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। यह संयुक्त अभियान रात में भी रणनीतिक रूप से जारी रखा जा रहा है।
सारंडा में बढ़ते दबाव के बाद दलमा में सक्रिय हुए उग्रवादी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट के जंगलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों के भारी दबाव के कारण माओवादी अब दलमा क्षेत्र की ओर खिसके हैं।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, शीर्ष माओवादी नेता मिसिर बेसरा के साथ सक्रिय केंद्रीय समिति (CC) सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश, रीजनल कमेटी सदस्य सचिन मार्डी और रवि सरदार फिलहाल दलमा के जंगलों में शरण लिए हुए हैं।
इस दस्ते की एक अहम सदस्य बेला सरदार पूर्व में पश्चिम बंगाल भाग गई थी, जिसे हाल ही में बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारियों को झारखंड पुलिस के साथ साझा किया गया, जिसके बाद इस अभियान की रफ्तार और तेज कर दी गई है।
इन वांटेड माओवादियों पर घोषित है भारी इनाम
सुरक्षा बलों की रडार पर चल रहे मुख्य उग्रवादियों का विवरण इस प्रकार है:
माओवादी का नाम पद / रैंक घोषित इनाम मुख्य हथियार मूल निवासी
- असीम मंडल केंद्रीय समिति सदस्य ₹1 करोड़ AK-47 मिदनापुर
- मदन महतो - ₹15 लाख AK-47 पश्चिम मिदनापुर
- रामदास मार्डी उर्फ सचिन रीजनल कमेटी सदस्य सक्रिय (वांटेड) AK-47 झुझका, पटमदा
- मंगल सिंह सरदार उर्फ पांडू दस्ते का सदस्य ₹5 लाख SLR राइफल लालगढ़
- गौरी उर्फ बुलू सब-जोनल सदस्य ₹5 लाख इंसास राइफल पश्चिम मिदनापुर
- मालती उर्फ मलूटी एरिया कमांडर ₹2 लाख इंसास राइफल झारग्राम
- मिता उर्फ नयनतारा जोनल कमांडर सक्रिय (वांटेड) इंसास राइफल
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि जब तक इस क्षेत्र से उग्रवादियों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता, तब तक यह संयुक्त कॉम्बिंग ऑपरेशन पूरी सतर्कता के साथ जारी रहेगा।