हिमाचल प्रदेश सरकार ने IFS अधिकारी अनु नागर को को सौंपा हेल्थ एडवाइजर का दायित्व, आलोक को अतिरिक्त जिम्मा
हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अनु नागर को स्वास्थ्य सलाहकार नियुक्त किया है, जिनकी जिम्मेदारियों में स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी मूल्यांकन और बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण शामिल है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
अनु नागर हिमाचल की नई स्वास्थ्य सलाहकार नियुक्त।
स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी मूल्यांकन, बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करेंगी।
आलोक प्रेम नागर को वन्यजीव विभाग का अतिरिक्त प्रभार।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अनु नागर को स्वास्थ्य सलाहकार नियुक्त किया है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार अनु नगर की सेवाएं पहले ही कार्मिक विभाग के अधीन रखी गई थीं। अब उन्हें स्वास्थ्य सलाहकार के पद पर तत्काल प्रभाव से और जनहित में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य सलाहकार के तौर पर हेल्थ टेक्नोलाजी असेस्मेंट, स्वास्थ्य ढांचे में नवाचार एवं अनुसंधान, स्वास्थ्य अधोसंरचना का आधुनिकीकरण और प्रदेश की जनता को प्रभावी और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना शामिल है।
भारतीय वन सेवा की इस अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा सौंपे जाने से कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
आलोक प्रेम नागर को वन्यजीव विभाग का अतिरिक्त जिम्मा
प्रदेश सरकार ने भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी आलोक प्रेम नागर को वन्यजीव विभाग का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा है। आलोक प्रेम नागर वर्तमान में एपीसीसीएफ वन प्रबंधन के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ अब वह प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन्यजीव) कम चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन धर्मशाला का अतिरिक्त कार्यभार भी देखेंगे।
