विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में अपराध पर अंकुश, हाईवे की सुरक्षा और पुलिसिंग में सुधार; IPS मेधा भूषण के सामने कई बड़ी चुनौतियां

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:39 PM (IST)

पलवल के जिला अधीक्षक नीतीश अग्रवाल का गुरुग्राम तबादला कर दिया गया है, और उनके स्थान पर 2019 बैच की ...और पढ़ें

आईपीएस मेधा भूषण को मिली पलवल की कमान। फोटो: जागरण

आईपीएस मेधा भूषण को मिली पलवल की कमान। फोटो: जागरण

HighLights

  1. नीतीश अग्रवाल का गुरुग्राम तबादला, मेधा भूषण पलवल की नई एसपी

  2. नई एसपी के सामने कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण चुनौती

  3. साइबर ठगी, नशा नेटवर्क, महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान रहेगा

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल के जिला अधीक्षक नीतीश अग्रवाल का बृहस्पतिवार देर रात गुरुग्राम तबादला कर दिया गया। उन्हें गुरुग्राम में डीसीपी क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। करीब पांच माह तक पलवल में सेवाएं देने के बाद उनके स्थान पर आईपीएस मेधा भूषण को पलवल का नया जिला अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

2019 बैच की आईपीएस हैं मेधा भूषण

मेधा भूषण हरियाणा कैडर की 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। पलवल में पदभार संभालने से पहले वह सोनीपत में डीसीपी के रूप में कार्यरत थीं। इससे पहले वह रोहतक में एएसपी के तौर पर भी सेवाएं दे चुकी हैं।

वह मूल रूप से पटना की रहने वाली हैं। इससे पहले पलवल में सुलोचना गजराज और अंशु सिंगला भी महिला एसपी के रूप में तैनात रह चुकी हैं।

सड़क सुरक्षा और हाईवे पर अपराध बड़ी चुनौती

नई एसपी के रूप में मेधा भूषण के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली में लोगों का भरोसा कायम रखने की बड़ी चुनौती होगी।

हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे और अन्य हाईवे पर सड़क सुरक्षा उनके लिए प्रमुख चुनौती रहेगी। दिल्ली-एनसीआर से जुड़ाव और कई प्रमुख राजमार्गों की मौजूदगी के कारण अपराधियों की आवाजाही आसान हो जाती है। ऐसे में गैंग, हथियारबंद वारदात, लूट, वाहन चोरी और फिरौती जैसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी होगा।

साइबर ठगी और नशे के नेटवर्क पर नजर

पलवल में ऑनलाइन ठगी के मामले भी पुलिस के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं। नई एसपी के सामने साइबर सेल को और सक्रिय करने, ठगी की रकम की तत्काल ट्रैकिंग और पीड़ितों की शिकायतों पर तेज कार्रवाई की अपेक्षा रहेगी।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री के नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर भी लोगों की नजर रहेगी। चुनौती केवल छोटे विक्रेताओं पर कार्रवाई तक सीमित नहीं होगी, बल्कि सप्लाई चेन और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचना भी महत्वपूर्ण होगा।

महिलाओं से जुड़े मामलों में भी रहेगी परीक्षा

महिला एसपी होने के कारण महिलाओं से जुड़े अपराधों पर भी विशेष नजर रहेगी। छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की शिकायतों पर थानों में त्वरित कार्रवाई तथा महिला हेल्प डेस्क की प्रभावशीलता महत्वपूर्ण होगी।

इसके साथ ही एफआईआर दर्ज करने में देरी, जांच की गुणवत्ता, लंबित मामलों का निपटारा और शिकायतकर्ताओं के साथ पुलिस का व्यवहार भी नई एसपी की कार्यशैली की पहचान बनाएंगे।

खुफिया तंत्र को साथ मजबूत करने की चुनौती

नई एसपी के सामने केवल अपराधियों पर कार्रवाई ही चुनौती नहीं होगी। फील्ड पुलिसिंग, तकनीक और खुफिया तंत्र को एक साथ मजबूत करना भी उनकी प्राथमिक चुनौतियों में शामिल रहेगा।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी में फूट-फूटकर रोये दरोगा, इंस्पेक्टर किशनी ने संभाला; पलवल हादसे में खोया भाई

यह भी पढ़ें- पलवल में 'मौत की सवारी' बनी डबल डेकर मैक्स: 1200 KM सफल करने वाली पिकअप पर है 4 चालान; 6 श्रद्धालुओं की मौत