विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में 'मौत की सवारी' बनी डबल डेकर मैक्स: 1200 KM सफल करने वाली पिकअप पर है 4 चालान; 6 श्रद्धालुओं की मौत

Published: Wed, 02 Sep 2026 11:43 AM (IST)

मैनपुरी के किशनी से गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं की मैक्स पिकअप पलवल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 6 लोगों की ...और पढ़ें

हरियाणा के पलवल में हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई महिंद्रा पिकअप। जागरण

हरियाणा के पलवल में हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई महिंद्रा पिकअप। जागरण 

HighLights

  1. मैनपुरी के श्रद्धालु डबल डेकर मैक्स पिकअप से यात्रा कर रहे थे।

  2. पलवल में हुए हादसे में 6 लोगों की दुखद मौत हो गई।

  3. वाहन ने लगभग 1200 किलोमीटर का लंबा सफर तय किया था।

चंद्रशेखर गौड़, मैनपुरी। किशनी क्षेत्र के करीब 25 श्रद्धालु रक्षाबंधन की रात राजस्थान स्थित गोगामेड़ी दर्शन के लिए मालवाहक वाहन मैक्स पिकअप में निकले थे। इस वाहन को मौत की सवारी की तरह यहीं तैयार कर लिया गया था। इसमें पार्टीशन कर इसे डबल डेकर बनाया गया था। मैनपुरी से चलकर गोगामेड़ी दर्शन करने के बाद इन्होंने अंबाला होते हुए पलवल तक करीब 1200 किलोमीटर का सफर तय किया।

इसके बाद हादसे में छह जानें चली गईं। यदि रास्ते में कहीं भी पुलिस सक्रिय होती तो संभवत: इस हादसे से बचा जा सकता था।

मैक्स पिकअप से दर्शन के लिए निकले थे गांव वाले और रिश्तेदार

किशनी के गांव चांदा निवासी विजय यादव अपने रिश्तेदारों व अन्य ग्रामीणों के साथ यूपी84टी5515 नंबर की मैक्स पिकअप में दर्शनों के लिए निकले थे। मालवाहक वाहन में वैसे भी सवारियां नहीं बैठाई जा सकतीं, वहीं इसमें तो 25 सवारियां बैठी थीं। जब सवारियां अधिक होने लगीं तो इसमें बीच में लकड़ी का तख्ता फंसाकर इसमें दो पार्टीशन किए गए। वाहन के ऊपर तिरपाल भी लगाया गया ताकि वर्षा आदि से बचा जा सके। इसके बाद कुछ श्रद्धालु नीचे के हिस्से में तो कुछ ऊपर के हिस्से में बैठ गए।

अंबाला से पलवल होते हुए आ रहे थे वृंदावन तभी हुआ हादसा

इसके बाद विजय यादव ने अपने कुछ रिश्तेदारों को फिरोजाबाद से भी वाहन में बैठाया और गाते-बजाते गोगामेड़ी के लिए चल दिए। सभी ने राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी, खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शन किए। इसके बाद सभी अंबाला से पलवल होते हुए मथुरा-वृंदावन में दर्शनों के लिए चल दिए कि पलवल में हादसा हो गया।

मैनपुरी से हनुमानगढ़ करीब 650 किलोमीटर

मैनपुरी से हनुमानगढ़ करीब 650 किलोमीटर से अधिक दूर है। वहीं इसके बाद हनुमानगढ़ से हरियाणा के अंबाला होते हुए पलवल की दूरी भी करीब 500 किलोमीटर है। इस तरह इस वाहन ने करीब 1150 किलोमीटर का सफर तय किया। यदि इन 1150 किलोमीटर के रास्ते में कहीं भी पुलिस सजग रही होती, वाहन चेकिंग की होती तो संभवत: हादसे को टाला जा सकता था।

श्रद्धालुओं ने भी नहीं दिखाई सजगता

वाहन में बैठने वाले श्रद्धालुओं ने भी यदि सजगता दिखाई होती तो हादसे को टाला जा सकता था अथवा हादसे में हुए नुकसान को कम किया जा सकता था। श्रद्धालु भी अपनी जिंदगी को लेकर सजग नहीं थे।

वाहन पर हैं चार चालान

मैक्स पिकअप यूपी84टी5515 वाहन पर इस समय चार चालान हैं। हालांकि यह चारों ही चालान चार-पांच वर्ष पुराने हैं। लेकिन वाहन मालिक ने भरे नहीं है। इनमें से एक शिमला में सीट बेल्ट का, दूसरा इटावा में इंडीकेटर और सीट बेल्ट का, तीसरा कासगंज में सीट बेल्ट का और चौथा चालान कानपुर में नो एंट्री और ओवरलोड का है। इन चारों ही चालान का भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि वाहन का फिटनेस हाल ही पिछले माह 12 अगस्त को और बीमा मई 2026 को कराया गया है।

यह भी पढ़ें- परंपरा निभाने निकले थे, पलवल में काल के गाल में समाए मैनपुरी के चार श्रद्धालु

यह भी पढ़ें- 'डबल डेकर' जुगाड़ बना काल: 1150 KM तक सोया रहा सिस्टम, पलवल में थम गईं 6 सांसें

कलक्टर सिंह के नाम पर पंजीकृत है मैक्स पिकअप

जिस मैक्स पिकअप में सभी लोग देव दर्शनों के लिए रवाना हुए थे। यह कलक्टर सिंह निवासी वार्ड नंबर चार किशनी के नाम पर पंजीकृत है। वहीं इसे रतिभानपुर निवासी सुधीर चला रहा था। चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

मालवाहक वाहनों में सवारियाें को बैठाकर सफर करना खतरनाक हो सकता है। इसके लिए लगातार मालवाहक वाहन चालकों को सतर्क किया जाता है। कई बार कार्रवाई भी की जाती है। इसके बाद भी जागरूकता की कमी के कारण इस तरह के हादसे सामने आते रहते हैं। इसमें चालक के साथ वाहन में बैठने वाली सवारियां भी जिम्मेदार होती हैं।

-

सिद्धार्थ यादव, एआरटीओ मैनपुरी