विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत; पुलिस CCTV से तलाश में जुटी

Published: Mon, 07 Sep 2026 02:52 PM (IST)

नारनौल के मित्रपुरा के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला गुलशन की मौत हो गई। अज्ञात क्रीम रंग ...और पढ़ें

बाइक की टक्कर से गुलशन की मौत। फोटो: फाइल

बाइक की टक्कर से गुलशन की मौत। फोटो: फाइल

HighLights

  1. नारनौल में अज्ञात कार की टक्कर से महिला की मौत

  2. पति के साथ बाइक पर जा रही थी मृतका गुलशन

  3. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया, जांच जारी

जागरण संवाददाता, नारनौल। सदर थाना क्षेत्र के मित्रपुरा के पास सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर नारनौल आ रही थी, तभी क्रीम रंग की अज्ञात कार ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टक्कर लगते ही सड़क पर गिरा दंपती

राजस्थान के नीमराना थाना क्षेत्र के गांव बसई निवासी नवीन कुमार वर्तमान में मित्रपुरा में रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी गुलशन को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नारनौल छोड़ने जा रहे थे। गुलशन नारनौल स्थित सीएलसी कोचिंग सेंटर में चपरासी के पद पर कार्यरत थी।

नवीन के अनुसार, मित्रपुरा गांव से कुछ आगे पहुंचने पर एक युवती स्कूटी लेकर टाइल्स वाले रास्ते से मुख्य सड़क की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से तेज गति और लापरवाही से आई क्रीम रंग की कार ने उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। नवीन और उनकी पत्नी गुलशन भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। नवीन अपनी पत्नी को संभालने में लग गए, इसी दौरान कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल गुलशन को सामान्य अस्पताल नारनौल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर फैजाबाद चौकी पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मृतका के पति के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

CCTV फुटेज से कार चालक की तलाश

पुलिस अब फरार कार चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ में रूठे बादल: अगस्त में पड़ी 27% कम बारिश, क्या सितंबर में पूरी होगी मानसून की कमी?

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ में जलभराव की समस्या होगी खत्म, 11 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर; बिछेंगी पाइपलाइन और बनेंगे नए डिस्पोजल टैंक