महेंद्रगढ़ में रूठे बादल: अगस्त में पड़ी 27% कम बारिश, क्या सितंबर में पूरी होगी मानसून की कमी?
महेंद्रगढ़ जिले में अगस्त माह में सामान्य से 27% कम वर्षा दर्ज की गई, जिससे कुल मानसून वर्षा में 15% की कमी आई है।

महेंद्रगढ़ में अगस्त में सामान्य से कम हुई बारिश।
HighLights
अगस्त में महेंद्रगढ़ में 27% कम वर्षा हुई।
मानसून सीजन में कुल 15% वर्षा की कमी।
अब सितंबर की बारिश पर टिकी हैं निगाहें।
जागरण संवाददाता, नारनौल। अगस्त का महीना विदा हो गया, लेकिन महेंद्रगढ़ जिले को वर्षा की वह सौगात नहीं मिल सकी, जिसकी उम्मीद मानसून से थी। एक अगस्त से 31 अगस्त तक जिले में 99.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 137.1 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी।
इस तरह अगस्त में जिला सामान्य से 27 प्रतिशत कम वर्षा के साथ गुजरा। अगस्त की कमी ने मानसून के पूरे आंकड़े को भी कमजोर कर दिया है। एक जून से 31 अगस्त तक जिले में कुल 286.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 338.9 मिलीमीटर है।
यानी मानसून सीजन में अब तक 15 प्रतिशत वर्षा कम हुई है। हालांकि मानसून का असर सितंबर में भी देखने को मिलता है, ऐसे में अब जिले की निगाहें अगले दौर की वर्षा पर टिकी हैं।
अगस्त में नहीं खुल पाए बादलों के द्वार
अगस्त को आमतौर पर मानसून का प्रमुख महीना माना जाता है, लेकिन महेंद्रगढ़ में इस बार बादलों ने उम्मीद के मुताबिक साथ नहीं दिया। महीने की सामान्य वर्षा 137.1 मिलीमीटर के मुकाबले वास्तविक वर्षा 99.8 मिलीमीटर रही।
यानी जिले को सामान्य वर्षा का करीब 73 प्रतिशत पानी ही मिल पाया। इसका असर खेतों से लेकर आम जनजीवन तक देखा जा सकता है।
वर्षा की कमी के कारण जहां खरीफ फसलों के लिए वर्षा का महत्व बढ़ जाता है, वहीं लगातार बादल न बरसने से उमस और गर्मी का दौर भी बना रहता है।
रात का पारा भी सामान्य से ऊपर
वर्षा की कमी के बीच तापमान ने भी लोगों को खास राहत नहीं दी। ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में बुध्वार को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
यानी सितंबर की शुरुआत में भी जिले को फिलहाल कम वर्षा और सामान्य से अधिक रात के तापमान दोनों का सामना करना पड़ रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि मानसून के बचे दिनों में होने वाली वर्षा इस कमी को कितना पूरा कर पाती है।
वर्षा के आंकड़ों की तस्वीर
अवधि वास्तविक वर्षा सामान्य वर्षा कमी
1-31 अगस्त 99.8 मिमी 137.1 मिमी 27%
1 जून-31 अगस्त 286.6 मिमी 338.9 मिमी 15%
