अंकित बालियान हत्याकांड के तार करनाल से जुड़े, गैंगस्टर पंपू का नाम आया सामने; UP पुलिस से डरकर कोर्ट पहुंचा आरोपी
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के तार करनाल जेल से जुड़े हैं, जिसमें गैंगस्टर राकेश पंपू का नाम सामने ...और पढ़ें

करनाल जेल से जुड़े सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के तार, गैंगस्टर राकेश पंपू का नाम सामने।
HighLights
अंकित बालियान हत्याकांड के तार करनाल जेल से जुड़े।
गैंगस्टर राकेश पंपू का नाम जांच में आया सामने।
दो शूटर सत्यम और आर्यन अभी भी फरार।
जागरण संवाददाता, करनाल। शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के तार करनाल जेल से जुड़े हैं। शामली पुलिस की जांच में गैंगस्टर राकेश पंपू का नाम सामने आया है। वह करनाल जेल में बंद है। मूलरूप से पानीपत के सिवाह गांव के रहने वाले पंपू पर जेल से नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। अब उप्र पुलिस से वह डर गया है।
चर्चा है कि उसने अदालत से सुरक्षा की गुहार लगाई है कि प्रोडक्शन वारंट के दौरान उसे हथकड़ी और बेड़ियां लगाकर भेजा जाए। उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही उनके आने-जाने की वीडियोग्राफी कराने की मांग की है। हालांकि, जेल प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। दूसरी ओर, फरार चल रहे दो शूटर सत्यम और आर्यन की गिरफ्तारी को लेकर करनाल एसटीएफ और उप्र पुलिस संयुक्त छापेमारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस जांच में सामने आया है कि जेल के अंदर बैठकर कनाडा से मिले मैसेज के बाद उसने शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या कराई है। इसके गिरोह में कई शूटर हैं। सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। अब शामली शामली पुलिस द्वारा ले जाने की सूचना के बाद से उसे एनकाउंटर का डर सता रहा है।
हत्या के मामले में जेल में बंद
राकेश पंपू कुछ समय पहले सोनीपत में एक हत्या के मामले में करनाल जेल में बंद है। वर्ष 2016 में गांव में चाचा-भतीजे की हत्या के मामले में नाम आया था। हालांकि, वह इस मामले में बरी हो गया था। पिछले वर्ष सोनीपत में जीटी रोड पर हुई एक हत्या के मामले में भी पंपू नामजद है।
दो शूटर फरार, दबिश दे रही पुलिस
अंकित बालियान की हत्या करने वाले शूटरों में करनाल के सत्यम कादियान और आर्यन संधू का नाम सामने आया है। इन दोनों की फोटो भी शामली पुलिस ने जारी की है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-4 गोपी कुआ से ये दोनों शूटर शामली में अंकित बालियान की हत्या करने गए थे।
शूटर सत्यम कादियान व्यवसायी परिवार से है और परिवार के पास 150 एकड़ जमीन के साथ अन्य संपत्ति भी है। वह परिवार का इकलौता बेटा है। महंगी गाड़ियों का शौक है। सत्यम के पिता पर भी अवैध हथियार रखने पर मामला दर्ज है। सत्यम परिवार के साथ पहले जाटों गेट में रहता था, फिलहाल उन्होंने अंसल सिटी आनंद टाउन में घर बनाया है।
दोनों ही घरों पर ताले लगे हैं, सत्यम के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी फरार हैं। हत्याकांड में शामिल दूसरा शूटर आर्यन संधू कलंदरी गेट एरिया में रहता है। आर्यन का एक बड़ा भाई और तीन बहनें हैं।
उसके पिता नरेंद्र की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसने 10वीं के बाद पढ़ाई भी छोड़ दी थी। उसकी दो बहनें विदेश में है। उप्र पुलिस, करनाल एसटीएफ के संपर्क में है। सत्यम और आर्यन दोनों दोस्त हैं और साथ ही रहते थे।
