विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों का पूर्णिया कनेक्शन, धमदाहा में छिपे थे हत्यारे

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:57 PM (IST)

शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद दो मुख्य शूटर पूर्णिया के धमदाहा पहुंचे थे, जहां उन्होंने दो रातें बिताईं।

अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों का पूर्णिया कनेक्शन, धमदाहा में छिपे थे हत्यारे

अंकित बालियान हत्याकांड: शूटरों का पूर्णिया कनेक्शन, धमदाहा में छिपे थे हत्यारे

HighLights

  1. अंकित बालियान के हत्यारे पूर्णिया के धमदाहा में दो रातें रुके।

  2. शूटरों ने स्थानीय युवती के नाम पर इंटरनेट डेटा का उपयोग किया।

  3. यूपी एसटीएफ अंकित बालियान हत्याकांड के बिहार कनेक्शन की जांच में जुटी।

राजीव कुमार, पूर्णिया। उत्तर प्रदेश के शामली में 26 अगस्त को हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या करने वाले दो मुख्य शूटर घटना के बाद पूर्णिया के धमदाहा पहुंचे थे।

यूपी एसटीएफ की जांच में यह खुलासा हुआ है कि शूटरों ने हत्या के बाद धमदाहा थाना क्षेत्र के इटहरी और नीरपुर गांव में दो रातें बिताईं। यहां उन्होंने अपने संपर्क स्थापित करने के लिए इंटरनेट डाटा का उपयोग किया।

जांच में यह बात सामने आई है कि शूटरों द्वारा उपयोग किया गया इंटरनेट डेटा एक स्थानीय युवती के नाम से था। यूपी एसटीएफ ने युवती के स्वजनों से बातचीत की, लेकिन ठोस जानकारी नहीं मिलने पर उन्हें पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया। जिस युवती के आइपी एड्रेस से इंटरनेट का उपयोग किया गया, वह पटना में पढ़ाई कर रही है।

एसटीएफ की टीम ने युवती को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवती और शूटरों के बीच क्या संबंध हैं और वे धमदाहा तक कैसे पहुंचे। इसके अलावा, यह भी पता लगाया जा रहा है कि शूटरों ने धमदाहा में किसके पास शरण ली थी।

गायक अंकित बालियान की हत्या उस समय की गई जब वह जिम से बाहर निकल रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना की जिम्मेदारी गोगी गैंग से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट से ली गई थी।

पुलिस और यूपी एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त 2026 को एनकाउंटर में दो मुख्य शूटरों को मार गिराया, जिनकी पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई। जांच के दौरान यह भी पता चला कि हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला मोबाइल सिम भी धमदाहा थाना क्षेत्र से निर्गत था।

यूपी एसटीएफ की जांच में यह बात सामने आई है कि इस शूटआउट को छह शूटरों ने मिलकर अंजाम दिया, जिनमें से दो शूटरों को यूपी पुलिस मुठभेड़ में मार चुकी है। इसके अलावा, जिन दो मुख्य शूटरों ने अंकित बालियान पर गोलियां चलाईं, वही दोनों धमदाहा को अपना ठिकाना बनाए हुए थे।

यूपी एसटीएफ इस घटना के बिहार कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित हत्याकांड के तार बिहार से जुड़े, 1 सिम कार्ड के पीछे पूर्णिया पहुंची UP STF