अंकित बालियान हत्याकांड: GPS बेचने वाले तक पहुंची पुलिस, हिरासत में लेकर पूछताछ
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस ने जीपीएस बेचने वाले और रेकी करने वाले व्यक्ति तक पहुंच बना ली ...और पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड।
HighLights
पुलिस ने अंकित बालियान हत्याकांड में जीपीएस विक्रेता को पकड़ा।
गाजियाबाद से हिरासत में लेकर की जा रही है पूछताछ।
विदेश में बैठे आरोपियों के लिए लुकआउट नोटिस की तैयारी।
संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नई-नई जानकारी सामने आ रही हैं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि हत्या से पहले अंकित की रेकी की गई थी और गाड़ी में भी जीपीएस लगाया गया था। रेकी करने वाले और जीपीएस बेचने वाले की तलाश हो रही थी। पुलिस दोनों तक पहुंच गई है।
रेकी करने वाला शामली का और जीपीएस बेचने वाला गाजियाबाद का है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस विदेश में बैठे आरोपितों के खिलाफ जल्द लुक आउट नोटिस जारी कराने की तैयारी कर रही है। 26 अगस्त को जिम के बाहर अंकित की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जीपीएस बेचने वाले को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। उसका कहना है कि कुछ लोग आए थे और जीपीएस खरीदा था। इससे ज्यादा वह नहीं जानता है। पुलिस उसकी दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल चुकी है। कुछ संदिग्ध फुटेज में आए हैं। अब उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। इस मामले में नौ आरोपित नामजद हैं।
सोमवार तड़के हत्याकांड में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। भोलू, मोंटी और चिराग कनाडा में हैं, जिन्हें लाने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी है। दो जेल में बंद हैं, जिन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। फरार आरोपितों की तलाश में पांच टीमें लगी हैं।
होटल मालिक का होगा सम्मान
पुलिस की जांच में सामने आया था कि रेकी के दौरान ही दो बदमाश शामली के एक होटल में रुके थे। होटल मालिक ने बदमाशों से सभी दस्तावेज लिए थे और उसके यहां का सीसीटीवी फुटेज भी सही मिला था। होटल से बरामद दस्तावेज से पुलिस को काफी मदद मिली थी।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि होटल मालिक ने कमरा देने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की थी और उसके कैमरे भी सही थे। जांच के दौरान पुलिस को इसका लाभ मिला था। पुलिस जल्द ही होटल मालिक को सम्मानित करेगी।
