विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 3.16 करोड़ का बस अड्डा तैयार, PWD-रोडवेज के तालमेल में अटका संचालन; 20 गांवों के यात्री परेशान

Published: Wed, 02 Sep 2026 01:55 AM (IST)

फरीदाबाद का मोहना बस अड्डा बनकर तैयार है, लेकिन दो विभागों के बीच तालमेल न होने से इसका संचालन शुरू ...और पढ़ें

मोहना गांव में बनाया गया हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा बन कर तैयार, लेकिन अभी तक विभाग ने नहीं लिया नियंत्रण में। जागरण

मोहना गांव में बनाया गया हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा बन कर तैयार, लेकिन अभी तक विभाग ने नहीं लिया नियंत्रण में। जागरण

HighLights

  1. मोहना बस अड्डा 3.16 करोड़ की लागत से तैयार।

  2. पीडब्ल्यूडी ने बनाया, रोडवेज ने नहीं लिया नियंत्रण।

  3. ग्रामीणों को अभी भी खुले में बसों का इंतजार।

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद)। ग्रामीणों और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए तैयार किया गया मोहना बस अड्डा अब उद्घाटन के इंतजार में अटका हुआ है। बस अड्डे के संचालन को लेकर दो विभागों के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा है।

दोनों विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी बता रहे हैं, लेकिन इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बस अड्डा तैयार होने के बावजूद यात्री अभी भी सड़क किनारे बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं। इससे उन्हें धूप, वर्षा और यातायात के बीच परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 3.16 करोड़ रुपये की लागत से बनाकर तैयार कर दिया है। लेकिन हरियाणा रोडवेज ने बस अड्डे को अपने नियंत्रण में नहीं लिया है। 20 गांवों के ग्रामीण परेशान हैं।

बस अड्डा तैयार, पर लोग अब भी परेशान

मोहना गांव यमुना किनारे बस हुआ है। यहां पर बल्लभगढ़ और पलवल दोनों जगह से हरियाणा रोडवेज के साथ-साथ निजी बसों का भी संचालन होता है। यहां से यमुना नदी पार पलवल उपमंडल के 15 गांव का आना-जाना होता हैं।

इन गांवों के ग्रामीण मोहना से बल्लभगढ़ और पलवल आने-जाने के लिए बसों में बैठते हैं। इन ग्रामीणों को सर्दी, गर्मी और वर्षा के मौसम में खुले आसमान के नीचे खड़ा होकर बसों का इंतजार न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए पिछली सरकार के परिवहन मंत्री बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा ने यहां पर हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा बनाने की योजना को मंजूर करा दिया।

तब बस अड्डे को बनाने के लिए डेढ करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। बस अड्डा बन कर तैयार हो गया तो फिर हरियाणा रोडवेज विभाग के अधिकारियों की टीम ने यहां पर लाइट, पंखे, सीसीटीवी कैमरे लगवाने और कई खामियाें को पूरा करने के लिए कहा।

पीडब्ल्यूडी ने नया बजट बनाकर हरियाणा रोडवेज को भेजा। सरकार ने इस बजट को मंजूर कर दिया। यह बस अड्डा 3.16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो गया, लेकिन अभी तक इसका लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।

बस अड्डे से इन गांवों के ग्रामीण का होता है बैठना 

मोहना, बागरपुर खादर, सोलडा, भोलड़ा, राजुपुर, दोस्तपुर, नंगलिया, भूड़, खेड़ली, माला सिंह का फार्म, हीरापुर, जल्हाका, कुलैना, अटेरना, थंथरी, बलई, हसापुर के ग्रामीण हरियाणा रोडवेज व निजी बसों में बैठ कर पलवल और बल्लभगढ़-फरीदाबाद के लिए आते-जाते हैं।

हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा तो बना दिया, लेकिन इसका ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। अभी भी ग्रामीण खुले में खड़े होकर बसों के आने-जाने का इंतजार करते हैं। हरियाणा रोडवेज को आम लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए इसे अपने नियंत्रण में लेना चाहिए।
- मनोज अत्री, मोहना

हमने मोहना बस अड्डे का एक वर्ष पहले अधिकारियों से निरीक्षण कराया था। तब इसमें कुछ खामियां थी। इन खामियों को पीडब्ल्यूडी से पूरा करने के लिए कहा था। अब मेरे पास पलवल के अतिरिक्त फरीदाबाद रोडवेज महाप्रबंधक का पदभार भी है। इसके बारे में मुझे किसी ने नहीं बताया। अब दोबारा से इसकी अधिकारियों को भेज कर जांच करा लेते हैं। यदि खामियां पूरी कर दी गई हैं तो इसे नियंत्रण में ले लिया जाएगा।
- जितेंद्र सिंह यादव, महाप्रबंधक हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद

हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने बस अड्डे के अंदर कनेक्शन लेकर लाइट, सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए कहा था। हमने कनेक्शन लेकर लाइट और पंखे, सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। इसके बाद भी अभी तक विभाग ने बस अड्डे को नियंत्रण में नहीं लिया। जबकि विभाग को बस अड्डा नियंत्रण में लेने के लिए पत्र भी लिख कर भेजा हुआ है।
- प्रकाशलाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी

यह भी पढ़ें- बरेली वासियों का इंतजार बढ़ा: इज्जतनगर का हाईटेक बस अड्डा बनकर तैयार, पर इस वजह से अटका संचालन

यह भी पढ़ें- मेरठ वालों के लिए खुशखबरी! भूड़बराल और मोदीपुरम में बनने जा रहा बस अड्डा... जमीन की खरीद भी हो चुकी