बरेली वासियों का इंतजार बढ़ा: इज्जतनगर का हाईटेक बस अड्डा बनकर तैयार, पर इस वजह से अटका संचालन
इज्जतनगर में 16.72 करोड़ की लागत से बना नया बस अड्डा तैयार है, लेकिन परिसर में टायलीकरण का काम अधूरा ...और पढ़ें

इज्जतनगर में बनकर तैयार आधुनिक बस अड्डा। जागरण
HighLights
16.72 करोड़ की लागत से अगस्त 2021 में शुरू कराया गया निर्माण
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हो सकता नवीन बस अड्डा
जागरण संवाददाता, बरेली। घनी आबादी के बीच आ चुके पुराना बस अड्डा और सेटेलाइट बस अड्डा का लोड कम करने के लिए इज्जतनगर में 16.72 करोड़ की लागत से नया बस अड्डा बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन चालू होने में अभी वक्त लग सकता है। भवन निर्माण और फर्नीचर का काम तो पहले ही हो गया था।
मगर, बरसात की वजह से परिसर में टायलीकरण का कार्य अधूरा होने से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड ने अतिरिक्त समय मांग लिया था। टायलीकरण का काम अभी चल रहा है, पूरा होने में महीनाभर से अधिक का समय लगेगा। सितंबर में बस अड्डा परिवहन निगम को हैंडओवर हो पाने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं।
इज्जतनगर में आधुनिक बस अड्डा निर्माण के लिए 16 करोड़ 72 लाख परियोजना की मंजूरी तो 2020 में ही मिल गई थी, केंद्रीय कारागार की 2.285 हेक्टेयर भूमि परिवहन निगम को हस्तांतरित कराया। अगस्त 2023 में तीन करोड़ रुपये का बजट आवंटित होने के बाद कार्य आरंभ हुआ।
इसके बाद मार्च 2024 में दूसरी किस्त में दो करोड़ रुपये जारी हुए। तीसरी किस्त में 3.90 करोड़ रुपये जल्दी मिल गए। 8.90 करोड़ रुपये की लागत से विहंगम भवन बनकर तैयार हो गया, लेकिन बजट के अभाव में काम ठप हो गया था।
पिछली साल सितंबर में 6.98 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ तो कार्यदायी संस्था के अभियंता ने परियोजना पूर्ण कराने के लिए 30 जून तक का समय मांगा था, लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका है।
बाद में बरसात को कारण बताते हुए पहले जुलाई फिर अगस्त तक समय मांगा गया, लेकिन अभी तक कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। भवन तो पहले ही बन गया था, उसमें विद्युतीकरण और फर्नीचर का कार्य हो गया है।
परिसर में टायलीकरण का काम अधूरा है, इसे पूरा कराने में महीनाभर का समय लग सकता है। अगले दो महीने में बस अड्डा परिवहन निगम के हैंडओवर हो जाएगा इसके आसार कम दिख रहे हैं।
एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेई का कहना है कि इज्जतनगर में निर्माणाधीन बस अड्डा में डायलीकरण का काम चल रहा है। परिवहन निगम की टीम इसी सप्ताह जाकर जायजा लेगी। निगम के हैंडओवर होने के बाद ही आधुनिक बस अड्डा के संचालन की प्रक्रिया आरंभ हो सकेगी।
