विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ वालों के लिए खुशखबरी! भूड़बराल और मोदीपुरम में बनने जा रहा बस अड्डा... जमीन की खरीद भी हो चुकी

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 23 Aug 2026 01:26 PM (IST)

मेरठ के भैंसाली बस अड्डे को शहर के बाहर भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित किया जा रहा है ताकि शहर ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. भैंसाली बस अड्डा शहर के बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है।

  2. भूड़बराल और मोदीपुरम में बनाए जाएंगे दो नए बस अड्डे।

  3. जमीन अधिग्रहण पूरा, 42 करोड़ का मुआवजा वितरित।

जागरण संवाददाता, मेरठ। यह खबर शहर के लोगों को बड़ी राहत देने वाली है, लेकिन इस खबर को सुनने के लिए शहर के लोगों को तीन साल इंतजार करना पड़ा। अब जल्द शहर के भीतर अन्य राज्यों तथा जनपदों की रोडवेज बसों का प्रवेश नहीं होगा। उनके लिए भैंसाली बस अड्डे को शहर के बाहर भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। दोनों स्थानों पर नए बस बड्डों के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया। हालांकि जमीन का इंतजाम करने में अधिकारियों को दो साल से ज्यादा समय लग गया।

भूडबराल में 28 हजार मीटर जमीन के लिए भूमि मालिकों को मुआवजे के रूप में 42 करोड़ रुपया का भुगतान किया जा चुका है। वहीं मोदीपुरम में 11,848 वर्ग मीटर जमीन का मुआवजा जल्द वितरित करने का दावा किया जा रहा है। इस भुगतान के लिए जिलाधिकारी की स्वीकृति मिल गई है।

शहर को जाममुक्त करने के लिए दिल्ली रोड स्थित भैंसाली बस अड्डे को दो हिस्सों में बांटकर शहर के बाहर भूडबराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित किया जा रहा है।यहां रोजाना चार सौ से ज्यादा बसें विभिन्न राज्यों और अन्य जनपदों से आती हैं। एनसीआरटीसी दोनों स्थानों पर नए बस अड्डों का निर्माण कराकर रोडवेज को देगा। दोनों बस अड्डों के लिए भूडबराल, पल्हैड़ा, दुल्हेड़ा और सिवाया गांवों की लगभग 40 हजार वर्ग मीटर की खरीद की जा रही है। यह योजना तीन साल पहले बनी थी। दोनों स्थानों पर जमीन की खरीद की प्रक्रिया को लगभग दो साल पहले शुरू किया गया था। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को अब पूरा कर लिया गया है।

95 किसान परिवारों को दिया 42 करोड़ मुआवजा
भूडबराल में बस अड्डे के लिए 28,507 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया गया। जिसके लिए 95 किसान परिवारों को कुल 42 करोड़ रुपये मुआवजा राशि का वितरण पिछले एक सप्ताह के भीतर भूमि मालिकों के बैंक खातों में कर दिया गया है। मोदीपुरम में बस अड्डे के लिए 11,848 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। यहां भी अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। मुआवजा राशि के वितरण की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।

मोदीपुरम में हैं छोटे-छोटे 80 भूखंड
मोदीपुरम बस अड्डे के लिए नमो भारत के मोदीपुरम स्टेशन के पास पल्हेडा, दुल्हेडा और सिवाया तीन गांवों की सीमा पर 11,848 मीटर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। यहां यह जमीन छोटे छोटे भूखंडों में है। जिनके मालिकाना हक का निर्धारण करने के लिए कई बार संयुक्त माप सर्वेक्षण कराना पड़ा।

इन गांवों की भूमि का हुआ अधिग्रहण
भूडबराल
सिवाया
पल्हैड़ा
दुल्हैड़ा

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया
भैंसाली रोडवेज बस अड्डे को शहर के बाहर स्थानांतरित करने के लिए दोनों स्थानों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया है। भूडबराल में मुआवजा वितरण किया जा चुका है। मोदीपुरम के भूमि मालिकों के अवार्ड के लिए जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। औपचारिकता पूरी करके जल्द इस जमीन का भी मुआवजा भूमि मालिकों को भुगतान कर दिया जाएगा।
-नवीन चंद्र, एडीएम भूमि अध्याप्ति।