विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में खूनी वारदात: नौकरी करने को कहा तो भड़का बेटा, पिता की छाती और कमर पर घोंपा चाकू

Published: Wed, 19 Aug 2026 10:48 AM (IST)

फरीदाबाद में नौकरी करने की बात पर एक बेटे ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- ai generated

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- ai generated

HighLights

  1. नौकरी की बात पर बेटे ने पिता पर चाकू से हमला किया।

  2. पिता की कमर-छाती पर वार, दिल्ली के अस्पताल रेफर।

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र की भीम बस्ती में नौकरी करने की बात कहने पर एक युवक ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता की कमर और छाती पर कई वार किए।

शोर मचाने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। घायल पिता को उनकी पत्नी ने बीके अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपित बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

घायल का नाम बालकिशन उम्र 46 साल है। बालकिशन ने बताया कि 16 अगस्त की शाम करीब चार बजे वह अपनी पत्नी पूनम और दोनों बेटों विकास उर्फ विक्की और योगेश उर्फ योगी के साथ घर पर थे। इस दौरान वह और उनकी पत्नी अपने बड़े बेटे 22 वर्षीय विकास को कहीं नौकरी करने के लिए कह रहे थे।

बालकिशन के अनुसार नौकरी करने की बात पर विकास गाली-गलौच करने लगा। उन्होंने उसे गाली देने से मना किया तो विकास ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और उन पर हमला कर दिया। चाकू के वार से उनकी कमर और छाती पर चोट लगी।

उन्होंने शोर मचाया तो विकास जान से मारने की धमकी देकर घर से भाग गया। इसके बाद पत्नी पूनम घायल बालकिशन को बीके अस्पताल लेकर पहुंचीं। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके शरीर पर धारदार हथियार से लगी तीन चोटों का उल्लेख किया गया है।

पुलिस के अनुसार बालकिशन का उपचार सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। 18 अगस्त को चिकित्सकों ने उन्हें बयान देने के लिए फिट बताया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विकास उर्फ विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है और घटना की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में बिना डिग्री के चल रहा फर्जी डॉक्टर का क्लीनिक सील, सीएम फ्लाइंग ने की बड़ी कार्रवाई

यह भी पढ़ें- सोनीपत में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के गेट पर जड़ा ताला, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी