विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 14 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत, बाइक का हैंडल डंपर से टकराया और पीछे से आ गया अर्थमूवर

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:48 PM (IST)

फरीदाबाद में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की अर्थमूवर से कुचलकर मौत हो गई। वह अपने पिता के ...और पढ़ें

road Accident (5)
road Accident (5)

HighLights

  1. 14 वर्षीय प्रिंस कुमार की अर्थमूवर से कुचलकर मौके पर मौत।

  2. पिता संग गैस सिलिंडर भरवाने जा रहा था किशोर।

  3. मोटरसाइकिल डंपर से टकराई, फिर अर्थमूवर ने कुचला।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। पिता संग मोटरसाइकिल पर सवार होकर गैस सिलिंडर भरवाने जा रहे 14 वर्षीय किशाेर को अर्थमूवर ने कुचल दिया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम प्रिंस कुमार था। वह छठी कक्षा का छात्र था।

किशोर का परिवार मेवला महाराजपुर में रहता है। मंगलवार दोपहर घर में गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। ऐसे में खाना नहीं बना था। करीब दो बजे प्रिंस पिता अजीत यादव के साथ मोटरसाइकिल पर सिलिंडर भरवाने निकला। अजीत यादव मोटरसाइकिल चला रहे थे, प्रिंस सिलिंडर पकड़कर पीछे बैठा था।

डबुआ पाली रोड पर भांखरी के पास उनके साइड में एक डंपर चल रहा था। मोटरसाइकिल का हैंडल डंपर से टकरा गया। इससे मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर पड़ी। अजीत यादव एक तरफ गिरे, जबकि प्रिंस दूसरी तरफ गिरा। पीछे से अर्थमूवर आ रही थी। उसका टायर प्रिंस के ऊपर चढ़ गया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक अर्थमूवर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआइसी अस्पताल भिजवाया है। प्रिंस के पिता मेहनत मजदूरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि अर्थमूवर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में नगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी, बाजार से हटाए अवैध कब्जे

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में न्यूज चैनल के हरियाणा हेड पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद के बाद सिर फोड़ा और हाथ की हड्डी तोड़ी