फरीदाबाद में न्यूज चैनल के हरियाणा हेड पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद के बाद सिर फोड़ा और हाथ की हड्डी तोड़ी
फरीदाबाद की वशिष्ठ हाइट्स सोसाइटी में पार्किंग विवाद के चलते एक न्यूज चैनल के हरियाणा हेड संजय पर हमला हुआ। ...और पढ़ें

फरीदाबाद में न्यूज चैनल हेड पर पार्किंग विवाद के बाद हमला। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
फरीदाबाद में पार्किंग विवाद के कारण न्यूज चैनल हेड पर हमला।
हमलावरों ने सिर फोड़ा और हाथ की हड्डी तोड़ दी।
पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सेक्टर-87 स्थित वशिष्ठ हाइट्स सोसाइटी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक न्यूज चैनल के स्टेट हेड पर हमला कर सिर फोड़ दिया और हाथ की हड्डी तोड़ दी। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मामले में दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में संजय ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ वशिष्ठ हाइट्स सोसाइटी में रहते हैं और एक न्यूज चैनल में हरियाणा के हेड हैं। सुबह करीब सात बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए कार लेकर नीचे आए। उनकी कार के रास्ते में एक पंच कार खड़ी थी। कार में हैंडब्रेक लगी होने के कारण पार्किंग गार्ड भी उसे हटाने में असमर्थ रहा।
करीब 45 मिनट इंतजार करने के बाद भी कार मालिक नहीं आया तो संजय ने सोसायटी के ग्रुप में कार हटाने का संदेश डाल दिया। आरोप है कि करीब पौने आठ बजे कार मालिक अमित कुमार भगत एक अन्य व्यक्ति के साथ मौके पर पहुंचा।
अमित ने संजय के साथ गाली-गलौज की
संजय का आरोप है कि ग्रुप में संदेश डालने को लेकर अमित ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने पंच जैसी वस्तु से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। उसके साथी ने उनके दाहिने हाथ पर हमला कर दिया।
जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी
शोर सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उनके पड़ोसी उन्हें इलाज और शिकायत के लिए थाने ले जा रहे थे, तब भी आरोपितों की ओर से एक महिला ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास किया और जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस ने उसी दिन घायल संजय का बीके अस्पताल में मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर और दाहिने हाथ पर चोट दर्ज की गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में 12 साल के बच्चे हमउम्र दोस्त को चाकू से गोदा, पतंग काटने पर पेट में 4 बार जानलेवा हमला
