फरीदाबाद में नगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी, बाजार से हटाए अवैध कब्जे
बल्लभगढ़ बाजार में चार दुकानों में आग लगने के बाद नगर निगम ने अतिक्रमण हटा दिया। दुकानदारों ने इस कार्रवाई ...और पढ़ें

बल्लभगढ़ बाजार में चार दुकानों में आग लगने के बाद नगर निगम ने अतिक्रमण हटा दिया। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
बल्लभगढ़ बाजार में चार दुकानों में आग लगने से हड़कंप।
अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में काफी देरी हुई।
नगर निगम ने आग की घटना के बाद अतिक्रमण हटाना शुरू किया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। बाजार में चार दुकानों में आग लगने की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने सुबह से रेहड़ियों और अतिक्रमण को हटवा दिया। दुकानदारों ने अपने वाहन भी निगम द्वारा लगाई सफेद लाइन के अंदर खड़े किए हुए थे। घटना स्थल का विधायक मूलचंद शर्मा ने भी दौरा किया।
मेन बाजार में देवीराम की पेंट की दुकान में सोमवार को दोहपर बाद अचानक आग लग गई।। इस दौरान दुकानदारों ने मेन बाजार में सामान लगाकर और दुकानों के आगे रेहड़ियों को खड़ा करवा कर अतिक्रमण किया हुआ था। फायर ब्रिगेड की गाड़ी को घटना स्थल पर पहुंचने में काफी समय लग गया।
नगर निगम कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए करता था बाजार का दौरा
यदि इस दौरान कोई झुलस जाता तो उसे अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए बाजार का दौरा करता है। तो तब रेहड़ी अंदर की रिहायशी गलियों में घुस जाती हैं। जैसे ही नगर निगम का दस्ता बाजार से निकल जाता है फिर से रेहड़ी बाजार में आकर खड़ी हो जाती हैं।
नगर निगम ने बाजार में दाेनों तरफ दुकानों के आगे तीन फुट की दूरी पर सफेद लाइन लगाई हुई है। इस लाइन के अंदर दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन खड़े होने चाहिए। आग की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार सुबह से अपनी कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई को त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए लगातार चलाने के लिए कहा
दिन में बाजार में कहीं पर रेहड़ी खड़ी हुई दिखाई नहीं दी और वाहन भी तीन फुट की लाइन के अंदर खड़े हुए थे। निगम की इस कार्रवाई का दुकानदारों ने धन्यवाद किया और इस कार्रवाई को त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए लगातार चलाने के लिए कहा है।
मैंने अतिक्रमण को लेकर कई बार सीएम विंडो, पीएमओ, निगमायुक्त से शिकायत की है, लेकिन नगर निगम कोई समाधान नहीं कर पाया। निगम के कर्मचारी भी दुकानदारों से अतिक्रमण कराने के नाम पर वसूली करते हैं। - तरुण सिंगला
बाजार में दुकानदार रेहड़ी संचालकों से किराया वसूल करते हैं। इसकी वजह से चार दुकानों के जलने का नुकसान अब दुकानदारों को उठाना पड़ा है। यदि अतिक्रमण न होता तो शायद चार की बजाय एक ही दुकान जलती। - नवनीत सिंगला
यदि कोई अतिक्रमण को लेकर आवाज उठाता है तो कुछ दुकानदार उसे अपना विरोधी समझते हैं। जबकि अतिक्रमण बाजार और दुकानदारों के हित में नहीं है। न तो दुकानदारों को अतिक्रमण खुद करना चाहिए और न रेहड़ी लगवानी चाहिए। - विकास गर्ग
नगर निगम प्रशासन को त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बाजार में दीपावली के पांच दिन बाद भी अतिक्रमण बिल्कुल भी नहीं होने देना चाहिए। ऐसी आगजनी की घटना भी फिर भी घट सकती है और ज्यादा नुकसान हो सकता है। - सुरेंद्र बंसल
दुकानदार ही दुकानदारों के विरोधी हो गए हैं। कुछ दुकानदार अतिक्रमण का विरोध करते हैं तो कुछ जानबूझ कर रेहड़ी खड़ी करवाते हैं। जब पूछते हैं कि रेहड़ी क्यों लगवाई हुई है, तो कहते हैं कि लोग कार खड़ी करके चले जाते हैं, इसलिए रेहड़ी खड़ी करवाई है। - कालीचरण गर्ग
हमने अतिक्रमण हटाने वाले एसडीओ को स्पष्ट रूप से आदेश दिए हैं कि बाजार में किसी भी तरह का कोई अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। बाजार अतिक्रमण मक्त होना चाहिए। अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित चलेगी। - करण सिंह भगोरिया, संयुक्त आयुक्त नगर निगम जोन बल्लभगढ़
अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बाजार में किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। यदि सोमवार को आग के दौरान कोई झुलस जाता या मर जाता तो कौन जिम्मेवार होता है। अतिक्रमण की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को परेशानी का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस भी आसानी से नहीं निकल सकती। - मूलचंद शर्मा, विधायक बल्लभगढ़
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में न्यूज चैनल के हरियाणा हेड पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद के बाद सिर फोड़ा और हाथ की हड्डी तोड़ी
