विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्जेंटीना के नीले और सफेद रंग से पटा कंसास सिटी

Updated: Tue, 16 Jun 2026 06:00 AM (IST)

फीफा विश्व कप 2026 के लिए अर्जेंटीना की टीम कंसास सिटी पहुंची है, जहां शहर मेसी के प्रशंसकों से भर गया है और नीले-सफेद रंगों में रंगा है। टीम बंद दरवाजों के पीछे अभ्यास कर रही है।

खिताब बचाना चाहेगी अर्जेंटीना

खिताब बचाना चाहेगी अर्जेंटीना

HighLights

  1. कंसास सिटी अर्जेंटीना के नीले-सफेद रंगों में रंगी

  2. लियोनल मेसी संभावित आखिरी विश्व कप में दबावमुक्त

  3. अर्जेंटीना टीम बंद दरवाजों के पीछे कर रही अभ्यास

सौरव राय, जागरण, कंसास सिटी: विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले ही सबसे महंगा और वैभवशाली विश्व कप बताया जा रहा था। लेकिन न्यू यॉर्क पहुंचने के बाद टूर्नामेंट का माहौल लोगों की अपेक्षाओं से इतर दिखा। ज्यादा जोश तो नदी के पार न्यू जर्सी में है जहां विश्व कप से जुड़ी बहुत सारी गतिविधियां चल रही हैं।

पांच बार की विजेता ब्राजील का शिविर भी यहीं लगा है। जबकि पिछली बार की विजेता अर्जेंटीना ने इस टूर्नामेंट के लिए कंसास को अपना घर बनाया है। शहर अर्जेंटीना के मशहूर नीले और सफेद रंगों में रंगा हुआ है और पूरी दुनिया से प्रशंसक लियोनल मेसी और अर्जेंटीना का समर्थन करने आ रहे हैं।

शहर पर किया कब्जा

अर्जेंटीना विश्व कप 2026 का अपना सफर भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 6:30 बजे से शुरू करेगी लेकिन कंसास का माहौल देखकर लगता है कि अर्जेंटीना के प्रशंसकों ने अभी से शहर पर कब्जा कर लिया है। कहते हैं कि अर्जेंटीना जब भी खेलती है, मैदान में तिल रखने की जगह भी नहीं रहती और शायद इसीलिए टीम के मैनेजर लियोन स्कालोनी ने बीते दो दिनों से टीम का अभ्यास सत्र पूरी तरह से बंद दरवाजों के पीछे रखा है।

यहां पत्रकारों को भी घुसने की अनुमति नहीं है। जहां एक ओर ज्यादातर देशों के अभ्यास सत्र सबके लिए खुले हैं वहीं खिताब की रक्षा करने जा रही अर्जेंटीना ने चुपचाप, सबकी नजरों से बचकर अभ्यास करना चुना है। छन-छनकर बाहर आ रही खबरें बताती हैं कि अर्जेंटीना का दल सकारात्मकता से भरा हुआ है।

मेसी पर रहेंगी नजरें

हाल ही में सामने आए एक वीडियो में अर्जेंटीना के खिलाड़ी अपने शिविर में एकसाथ बैठे जर्मनी का मैच देख रहे थे। वीडियो में लियोनल मेसी सबसे ज्यादा खुश दिखे। संभावित रूप से अपने आखिरी विश्व कप में खेल रहे मेसी बिना किसी दबाव के खेलना चाहते हैं।

अर्जेंटीना के साथ इंग्लैंड की टीम भी कंसास में ही है। अर्जेंटीना से उलट उनका अभ्यास सत्र सबके लिए खुला है। इस टीम के पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों की अच्छी फौज है। जानकारों की मानें तो अगर वह क्वार्टर फाइनल में ब्राजील के सामने ना पड़े तो इस बार इंग्लैंड फाइनल भी खेल सकता है।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: मेसी की अर्जेंटीना और एमबापे की फ्रांस करेंगी अभियान की शुरुआत, उलटफेर से बचने की होगी कोशिश

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: जापानी फैंस ने किया दिल जीतने वाला काम, कोच मोरियासु की रणनीति भी बनी चर्चा का विषय