FIFA World Cup 2026: मेसी की अर्जेंटीना और एमबापे की फ्रांस करेंगी अभियान की शुरुआत, उलटफेर से बचने की होगी कोशिश
फीफा विश्व कप 2026 के लिए अर्जेंटीना और फ्रांस अपने अभियान की शुरुआत अफ्रीकी टीमों के खिलाफ कर रहे हैं। फ्रांस सेनेगल से भिड़ेगा जबकि अर्जेंटीना का मुकाबला अल्जीरिया से होगा, दोनों टीमें लगातार जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।

मेसी और एमबापे पर रहेंगी नजरें
HighLights
अर्जेंटीना और फ्रांस का 2026 विश्व कप अभियान होगा शुरू
फ्रांस का सामना सेनेगल से, अर्जेंटीना का अल्जीरिया से
दोनों टीमें लगातार जीत के साथ आगे बढ़ने को उत्सुक
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2022 का फाइनल खेलने वाली अर्जेंटीना और फ्रांस का 2026 फीफा विश्व कप का अभियान बुधवार से शुरू हो गया। फ्रांस जहां लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल और तीसरी ट्रॉफी की तलाश में है, वहीं अर्जेंटीना की नजर लगातार दो विश्व कप जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बनने पर है।
अभी तक बस इटली (1934-38) और ब्राजील 1958-62 ही ऐसा कर पाए हैं। दोनों ही टीमों के अभियान की शुरुआती अफ्रीकी टीमों के खिलाफ होगी। फ्रांस को 2002 के विश्व कप के पहले ही मैच में उन्हें हराने वाली सेनेगल से निपटना होगा, तो अर्जेंटीना के सामने अल्जीरिया की टीम रहेगी।
फ्रांस का मैच न्यू जर्सी में तो वहीं अर्जेंटीना का कंसास सिटी में होगा। फ्रांस और सेनेगल का मुकाबला मंगलवार रात 12:30 बजे होगा तो अर्जेंटीना और अल्जीरिया का मैच बुधवार सुबह 6:30 बजे खेला जाएगा।
फ्रांस बनाम सेनेगल-: फ्रांस की रणनीति
फ्रांस को इस मोर्चे पर कुछ सोचने की जरूरत ही नहीं है। किलियन एमबापे, ओस्मान डेम्बेले और ब्रैडली बार्कोला जैसे फॉरवर्ड खिलाड़ियों तक बस गेंद पहुंचानी है, बाकी काम वो कर लेंगे और फ्रांस की मिडफील्ड के पास ऐसा करने की काबिलियत भी है। फ्रांस के तीनों फॉरवर्ड बहुत तेज भागते हैं और गोल करने की इनकी क्षमता को किसी परिचय की जरूरत नहीं है।
क्या होगा फॉर्मेशन?
फ्रांस 4-3-3 की फॉर्मेशन में खेलती है। इनकी फॉरवर्ड लाइन बहुत तेज और काबिल है। पूरी टीम मिलकर बस इन लोगों तक गेंद पहुंचाती और बाकी काम अपने आप हो जाता है।
सेनेगल की रणनीति
डिफेंस में कलिदौ कौलिबली और अटैक में सादियो माने, सेनेगल के पास फुटबॉल के दो शानदार खिलाड़ी हैं जिनकी नेतृत्व क्षमता कमाल की है। टीम की मजबूती उनके अनुभवी खिलाड़ी ही हैं। इद्रीसा गुये, एडुआर्ड मेंडी जैसे खिलाड़ी सालों से साथ ही खेल रहे हैं। मुख्यत: ये अपने मजबूत डिफेंस के भरोसे रहते हैं। क्वालिफाइंग में सिर्फ दो गोल खाने वाली ये टीम फिर से अपने डिफेंस की सवारी करने उतरेगी। सेनेगल भी 4-3-3 फॉर्मेशन में खेलती है।
अर्जेंटीना बनाम अल्जीरिया-: अर्जेंटीना की रणनीति
लियोनल मेसी की अगुवाई वाला अर्जेंटीना का अटैक किसी भी डिफेंस को छिन्न-भिन्न कर सकता है। इनके पास लटारो मार्टिनेज और जूलियन अल्वारेज के रूप में दो बेहतरीन स्ट्राइकर्स हैं, जबकि मिडफील्ड में ये एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडेज और रोड्रिगो डे पाल पर यकीन कर सकते हैं। ये टीम परंपरागत रूप से मिडफील्ड में बेहतरीन पासिंग के जरिए विपक्षियों पर दबाव बनाने की रणनीति के साथ खेलती है। अर्जेंटीना अपनी जांची-परखी और सफल 4-3-3 फार्मेशन में ही खेलेगी।
अल्जीरिया की रणनीति
अर्जेंटीना के खिलाफ उतरने वाली हर टीम की रणनीति एक समान ही रहती है- किसी भी तरह से मेसी को रोक लो। हालांकि अल्जीरिया को जीतना है तो उन्हें मेसी को रोकने के साथ अटैक भी करना होगा क्योंकि अर्जेंटीना के पास मेसी के अलावा भी गोल करने वाले बहुत से खिलाड़ी हैं।
अल्जीरिया भी 4-3-3 की फॉर्मेशन में ही खेलती है जहां इनके स्टार रियाद महरेज और फ्रांस में पैदा हुए अमीन गोइरी पर अटैक की मुख्य जिम्मेदारी रहती है।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: जापानी फैंस ने किया दिल जीतने वाला काम, कोच मोरियासु की रणनीति भी बनी चर्चा का विषय
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: पहली बार आमने-सामने होंगे बेल्जियम-मिस्र, कितने बजे भारत में देखा जाएगा मैच?

