फैंस के सिर चढ़कर बोल रही मेसी की दीवानगी, भारत से 84 वर्षीय महिला बेटी के साथ लियोन की झलक पाने पहुंची अमेरिका
फुटबॉल की दुनिया में लियोन मेसी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का नाम हैं।
-1781627355867_m.webp)
लियोन मेसी
सौरव राय, जागरणकंसास सिटी। फुटबॉल की दुनिया में लियोन मेसी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का नाम हैं। कंसास सिटी में इसका नजारा साफ दिखाई दे रहा है, जहां अर्जेंटीना टीम के ठहरने वाले एक साधारण से तीन सितारा होटल के बाहर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
होटल में न तो किसी पांच सितारा संपत्ति जैसी चमक-दमक है और न ही कोई विशेष विलासिता, लेकिन इसके चारों ओर करीब 100 सुरक्षाकर्मी और पुलिस अधिकारी तैनात हैं। वजह सिर्फ एक है, यहां लियोन मेसी और अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ठहरी हुई है।
मेसी के प्रति प्रशंसकों का जुनून भी किसी कहानी से कम नहीं है। अर्जेंटीना के तीन युवकों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए मोटरसाइकिल से लंबा सफर तय कर कंसास सिटी का रुख किया। वहीं भारत के पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से 84 वर्षीय एक महिला अपनी बेटी के साथ यहां पहुंचीं। उनकी ख्वाहिश सिर्फ इतनी है कि जीवन में एक बार वह मेसी को अपनी आंखों के सामने खेलते हुए देख सकें।
कंसास सिटी अपनी खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है, लेकिन इन दिनों यहां की सबसे बड़ी पहचान मेसी के प्रशंसकों का उत्साह और समर्पण है। अर्जेंटीना टीम के प्रशिक्षण स्थल के आसपास सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम हैं कि वहां तक पहुंचना आसान नहीं है।
मीडिया और प्रशंसकों को कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है। निजी वाहन, टैक्सी या सार्वजनिक परिवहन की अनुमति नहीं है और सभी को आयोजकों की आधिकारिक शटल बसों का ही उपयोग करना पड़ता है। इससे साफ है कि मेसी और टीम की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा।
मैदान के भीतर भी अर्जेंटीना की टीम पूरी तैयारी के साथ उतरने को तैयार है। गोलकीपर के रूप में एमिलियानो मार्टिनेज की मौजूदगी तय मानी जा रही है, जबकि रक्षा पंक्ति में नाहुएल मोलिना, निकोलस टाग्लियाफिको और अनुभवी निकोलस ओटामेंडी जिम्मेदारी संभालेंगे। मिडफील्ड में रोड्रिगो डी पॉल, एनजो फर्नांडेज और एलेक्सिस मैक एलिस्टर टीम की धुरी होंगे।
हमले की अगुआई हमेशा की तरह लियोन मेसी करेंगे, जिनके साथ जूलियन अल्वारेज और थियागो अल्मादा के खेलने की संभावना है। कोच लियोनेल स्कालोनी के पास लाउतारो मार्टिनेज और निको पाज जैसे प्रभावी विकल्प भी मौजूद हैं। 2022 विश्व कप विजेता टीम के अधिकांश खिलाड़ियों के साथ अर्जेंटीना एक बार फिर बड़े सपनों और अपने महानायक मेसी के नेतृत्व में नए अभियान के लिए तैयार है।

