इराक के विरुद्ध खाता खोला चाहेंगे ‘गोल मशीन’ एर्लिंग हालैंड, विश्व कप के ग्रुप I में आमने-समाने होंगे नार्वे-इराक
गोल मशीन के नाम से मशहूर नार्वे के स्टार एर्लिंग हालैंड अपनी टीम के शुरुआती मुकाबले में इराक के विरुद्ध अपना विश्व कप खाता खोलने को बेताब होंगे।
-1781537840263_m.webp)
एर्लिंग हालैंड
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। गोल मशीन के नाम से मशहूर नार्वे के स्टार एर्लिंग हालैंड अपनी टीम के शुरुआती मुकाबले में इराक के विरुद्ध अपना विश्व कप खाता खोलने को बेताब होंगे। अमेरिका के बोस्टन में मंगलवार रात होने वाले ग्रुप आई के इस मुकाबले में एक ओर लगभग तीन दशक बाद फुटबाल के इस वैश्विक मंच पर लौट रहा नार्वे है तो दूसरी ओर दशकों तक राजनीतिक उथल-पुथल और युद्ध ग्रस्त रहा इराक है, जो इस टूर्नामेंट में 40 साल बाद वापसी कर रहा है।
लंबे-चौड़े और जबरदस्त सेंटर-फॉरवर्ड खिलाड़ी हालैंड ने विश्व कप के आठ क्वालीफाइंग मैचों में 16 गोल कर नार्वे को फिर उस मंच तक पहुंचाया है, जिस पर यूरोप की लगभग हर मजबूत टीम होती हैं। 1998 में आखिरी बार विश्व कप में खेलने वाला नार्वे तब राउंड आफ 16 में इटली से हार गया था। लेकिन अब गत सीजन में मैनचेस्टर सिटी के लिए प्रीमियर लीग में रिकॉर्ड 27 गोल करके आ रहे हालैंड से सिर्फ इराक ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों को भी खतरा हो सकता है।
वहीं आर्सेनल के प्लेमेकर मार्टिन ओडेगार्ड और विंगर एंटोनियो नुसा और आस्कर बाब जैसे शानदार साथियों के साथ हालैंड इराक की टीम से उस तरह का खिलवाड़ भी कर सकते हैं, जैसा दो दिन पहले जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से हराकर किया था। दूसरी ओर इराक ने विश्व कप तक का सफर 21 मैचों के थकाऊ क्वालीफाइंग अभियान के जरिए तय किया है।
आस्ट्रिया के सामने होगा जार्डन
ग्रुप जे में लगभग तीन दशक बाद विश्व कप में वापसी कर रही एक और यूरोपीय टीम आस्ट्रिया के आगे अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को में जार्डन की चुनौती होगी। आस्ट्रिया विश्व कप क्वालीफाइंग अभियान में यूरोपीय देश सेन मारिनो पर 10-0 की जबरदस्त जीत के साथ अपनी मजबूती का परिचय देकर आ रही है। वहीं दूसरी ओर जार्डन के लिए इस वैश्विक मंच पर खेलने का यह पहला अनुभव होगा।

