विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIFA World Cup 2026: एमबापे ने विश्व कप में रचा इतिहास, फ्रांस के लिए खास लिस्ट में टॉप पर पहुंचे

Updated: Wed, 17 Jun 2026 11:33 PM (IST)

फीफा विश्व कप 2026 में काइलियन एमबापे ने सेनेगल के खिलाफ दो गोल दागकर फ्रांस को 3-1 से जीत दिलाई। इस प्रदर्शन के साथ वह फ्रांस के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए और विश्व कप में भी इतिहास रचा।

किलियन एमबापे

किलियन एमबापे

HighLights

  1. एमबापे ने सेनेगल के खिलाफ दो गोल कर फ्रांस को जीत दिलाई

  2. फ्रांस के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया

  3. विश्व कप में 14 गोल तक पहुंचे, कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा

रॉयटर, ईस्ट रदरफोर्ड (अमेरिका)। जब बड़े मंच पर बड़े खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ते हैं तो इतिहास बनता है। फीफा विश्व कप 2026 में मंगलवार रात काइलियन एमबापे ने कुछ ऐसा ही किया। फ्रांस के कप्तान ने दो शानदार गोल दागकर न सिर्फ अपनी टीम को सेनेगल पर 3-1 की दमदार जीत दिलाई, बल्कि फ्रांस के इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए।

मैच की शुरुआत हालांकि फ्रांस के लिए आसान नहीं रही। सेनेगल ने पहले हाफ में जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाया और कई मौकों पर फ्रांसीसी रक्षा पंक्ति को परेशानी में डाल दिया। निकोलस जैक्सन और इस्माइला सार ने लगातार हमले किए। जैक्सन तो एक तेज काउंटर अटैक के बाद गोल करने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन उनका शॉट पोस्ट से टकराकर बाहर चला गया। दूसरी ओर एमबापे पहले हाफ में अपेक्षाकृत शांत रहे।

एमबापे ने बिखेरा अपना जादू

सेनेगल की अनुशासित रक्षा पंक्ति ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सेनेगल के पास हाफटाइम से ठीक पहले बढ़त बनाने का सुनहरा अवसर भी था, लेकिन सादियो माने के शानदार क्रॉस पर इस्माइला सार बेहद करीब से गेंद को बार के ऊपर मार बैठे। हालांकि दूसरे हाफ में फ्रांस ने रफ्तार पकड़ी और 66वें मिनट में आखिरकार एमबापे ने जादू बिखेरा। माइकल ओलिसे के सटीक पास पर उन्होंने शानदार फिनिश करते हुए फ्रांस को बढ़त दिला दी। इसके बाद फ्रांस का आत्मविश्वास बढ़ गया।

82वें मिनट में मैदान पर आने के महज दो मिनट बाद ब्रैडली बार्कोला ने एड्रियन राबियो के पास को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। सेनेगल ने हार नहीं मानी। अतिरिक्त समय के पांचवें मिनट में इब्राहिम एमबाये ने थियो हर्नांडेज को छकाते हुए शानदार गोल दागा और स्कोर 2-1 कर दिया लेकिन यह उम्मीद ज्यादा देर नहीं टिक सकी।

एमबापे ने अंतिम पलों में किया कारनामा

मैच के अंतिम क्षणों में एमबापे ने लगभग 25 गज की दूरी से ऐसा रॉकेट शॉट लगाया कि गेंद सीधे गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में जा समाई। यह उनका फ्रांस के लिए 58वां अंतरराष्ट्रीय गोल था, जिसके साथ उन्होंने ओलिवियर जिरूड का रिकार्ड तोड़ दिया। इस दोहरे गोल के साथ एमबापे विश्व कप में 14 गोल तक पहुंच गए। उन्होंने फ्रांस के महान स्ट्राइकर जस्ट फोंटेन को पीछे छोड़ दिया तथा जर्मनी के दिग्गज गर्ड मुलर की बराबरी कर ली। अब वह विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले मिरोस्लाव क्लोज के रिकार्ड से सिर्फ दो गोल दूर हैं।

यह भी पढ़ें- कौन हैं लियोनेल मेसी की पत्‍नी? बचपन के प्‍यार को बनाया हमसफर जो आज जी रही लग्‍जरी लाइफ

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: स्कॉटलैंड ने 10,224 दिन बाद तो स्वीडन ने 2,903 दिनों बाद खत्म किया गोल का सूखा