विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ से किया खिलवाड़, 7-1 से हराकर शुरू किया अपना अभियान

Updated: Mon, 15 Jun 2026 10:45 AM (IST)

जर्मनी ने फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में कुराकाओ को 7-1 से हराकर शानदार शुरुआत की।

FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ से किया खिलवाड़

FIFA World Cup 2026: जर्मनी ने कुराकाओ से किया खिलवाड़

डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। अगर आपने कभी भी लुडविग वैन बीथोवेन, जोहान सेबेस्टियन बाख या रिचर्ड वैगनर का संगीत नहीं सुना तो फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में जर्मनी को खेलता देख लीजिए। इस खेल में सुर-लय-ताल के साथ बहुत सारा सुकून भी है। सुकून इस बात का कि 2014 के विश्व चैंपियन ने देर से ही सही, लेकिन इस सबसे बड़े मंच पर एक बार फिर से अपने खेल का जादू दिखाया।

दुनिया को बता दिया कि जब ये लय में होते हैं तो सुर और ताल खुद मैदान में हाजिरी लगाते हैं। पहली बार विश्व कप खेल रही कुराकाओ के लिए मैच की शुरुआत ही पिछले पांव पर हुई। मैच के छठे मिनट में ही फेलिक्स मेचा ने जर्मनी को बढ़त दिला दी और इस गोल में उनकी मदद की फ्लोरियन विर्त्ज ने। जर्मनी की टीम मैच की शुरुआत से ही कमाल की फुटबाल खेल रही थी जैसे उन्होंने तय कर लिया था कि कुराकाओ को पाठ पढ़ा देना है।

लिवानो कोमेनेंसिया का ऐतिहासिक कारनामा

जर्मनी ने बढ़त बनाने के बाद भी हमले जारी रखे लेकिन दूसरा गोल करने से पहले उन्हें एक झटका लगा। कुराकाओ के लिए लिवानो कोमेनेंसिया ने गोल मार दिया। वह फीफा विश्व कप में अपने देश के लिए गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। लोगों को लगा कि जर्मनी कहीं फिर से ना फिसल जाए लेकिन ये नई जर्मनी है, जो जहां जाती है वहीं मारती है।

संन्यास से लौटे मैनुएल नुएर ने गोल खाया तो जर्मन अटैकर्स ने अपने जलवे कई गुना बढ़ा दिए और एक के बाद एक चार गोल और मार दिए। शुरुआत डिफेंडर नीको श्लोटरबेक ने की जिन्होंने नथैनिएल ब्राउन के क्रास को हेडर के जरिए गोल में पहुंचाया।

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में कुराकाओ के रीचेडली बजोर ने फेलिक्स नेमचा को पेनाल्टी एरिया में गिरा दिया, रेफरी ने तुरंत पेनाल्टी दे दी। काइ हावर्त्ज ने इसे गोल में बदल पहले हाफ की समाप्ति पर स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरा हाफ शुरू होते ही जर्मनी ने जमाल मुसियाला के गोल के दम पर स्कोर 4-1 कर लिया।

काई हावर्त्ज ने दागा गोल

मुसिलाया ने कप्तान जोशुआ किमिख के पास को खूबसूरती के साथ गोल में धकेल फीफा विश्व कप 2026 में अपना खाता खोल लिया। 64वें मिनट में मुसियाला की जगह डेनिज उंडव को मौका मिला और उन्होंने 68वें मिनट में नथैनियल ब्राउन की गोल करने में मदद कर दी। मैच के 78वें मिनट में किमिख ने एक और असिस्ट किया, इस बार गोल गया उंडव के खाते में। मैच के 88वें मिनट में काइ हावर्त्ज ने मैच का अपना दूसरा और जर्मनी का सातवां गोल दागा। अंत में मुकाबला इसी स्कोर पर खत्म हुआ।

कुराकाओ की कुल आबादी डेढ़ लाख कुराकाओ नीदरलैंड्स साम्राज्य के अंतर्गत आने वाला एक द्वीप देश है। डच कैरेबियन इलाके में आने वाला ये देश दक्षिणी कैरेबियन सागर में स्थित है। इस देश की कुल आबादी 1,60000 बताई जाती है। इसका कुल क्षेत्रफल 444 वर्ग किलोमीटर है। कुराकाओ पर कई दशकों तक स्पेन का राज था।

बादल में नीदरलैंड्स ने स्पेन को हराकर द्वीप पर कब्जा किया। साल 2010 में नीदरलैंड्स ने इसे अपने साम्राज्य के अंतर्गत एक देश की मान्यता दी। विदेश नीति और डिफेंस से जुड़े मसले अभी भी नीदरलैंड्स के जिम्मे हैं। कुराकाओ फीफा विश्व कप खेलने वाला सबसे कम आबादी का देश है। इनके ज्यादातर फुटबालर नीदरलैंड्स में ही खेलते और वहीं प्रशिक्षण लेते हैं।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: जीत के पास पहुंचकर चुकी नीदरलैंड, आखिरी समय में जापान के कामदा ने बचाया ड्रॉ

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: दोबारा दुनिया जीतने के अभियान की शुरुआत करेगा स्पेन, सामने है उलटफेर करने वाली केप वेर्डे