FIFA World Cup 2026: दोबारा दुनिया जीतने के अभियान की शुरुआत करेगा स्पेन, सामने है उलटफेर करने वाली केप वेर्डे
स्पेन फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत केप वेर्डे के खिलाफ करेगा, जो उलटफेर करने की फिराक में है। यूरो चैंपियन स्पेन अपनी मजबूत मिडफ़ील्ड और आक्रामक खेल के दम पर जीत दर्ज करना चाहेगा।

जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी स्पेन
HighLights
स्पेन फीफा विश्व कप 2026 अभियान की शुरुआत करेगा
केप वेर्डे उलटफेर करने की कोशिश में
स्पेन मजबूत मिडफ़ील्ड और आक्रामक खेल पर निर्भर
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: फीफा विश्व कप का ग्रुप-एच देखेंगे तो साफ पता चल जाएगा कि कौन यहां से आगे जाने की रेस में सबसे आगे है। किसी से भी पूछ लीजिए, वो स्पेन का ही नाम लेगा। वही स्पेन सोमवार रात अपने विश्व कप 2026 अभियान की शुरुआत करेगा।
2024 में हुए यूरो के फाइनल में इंग्लैंड को हराने वाले स्पेन के सामने पहली चुनौती केप वेर्डे की होगी। पहली बार विश्व कप खेलने आया ये देश दुनिया को ये बताने की ताक में है कि उनका विश्व कप खेलना कोई संयोग नहीं है। वो यहां के योग्य हैं और ये चीज बताने के लिए पहले ही मैच में स्पेन को हराने से बेहतर क्या हो सकता है?
मैदान पर करना होगा कमाल
2010 के विश्व चैंपियन स्पेन के लिए ये मुकाबला बाहर से देखने में बहुत आसान है, लेकिन फुटबॉल मैदान पर होती है और यूरो चैंपियंस को जीत वहीं लिखनी होगी। लामिने यमाल, रोड्री, पेड्री जैसे दिग्गजों को दिखाना होगा कि वो पूरी तैयारी के साथ अमेरिका आए हैं। स्पेन ने क्वालीफायर्स में एक भी मैच नहीं गंवाया था। उन्होंने छह मैच में से पांच जीते और एक मैच ड्रॉ रहा। लेकिन इस अभियान की खास बात ये रही कि स्पेन ने इसमें सिर्फ दो गोल खाए, जबकि 21 गोल मार दिए। यानी ये टीम आक्रमण और रक्षण दोनों में जबरदस्त है।
स्पेन की रणनीति
स्पेन की टीम सालों से मजबूत मिडफील्ड के साथ खेल रही है। स्पेन की मिडफील्ड में रोड्री के साथ पेड्री और फैबियन रुइज के रहने की संभावना है। जहां रोड्री अपना जांचा-परखा एंकर का रोल करेंगे वहीं बाकी दोनों का काम गेंद के साथ इधर-उधर भागते रहना है। हालांकि सामने की टीम डबल डिफेंसिव मिडफील्डर वाली फॉर्मेशन खेलती है, ऐसे में स्पेन की मिडफील्ड के लिए मामला आसान नहीं रहेगा। लेकिन स्पेन के पास लामिने यमाल और नीको विलियम्स के रूप में दो बेहतरीन विंगर्स भी हैं। अगर स्पेन की मिडफील्ड किसी भी तरह से इन दोनों तक गेंद पहुंचाने में कामयाब रही तो केप वेर्डे के डिफेंस की मेहनत दोगुनी होने वाली है।
क्या होगा फॉर्मेशन
स्पेन वाले 4-3-3 की फॉर्मेशन में खेलते हैं। इस फॉर्मेशन की सबसे खास बात ये है कि इसमें आपके पास अटैक के लिए चार-पांच प्लेयर्स हमेशा मौजूद रहते हैं। यहां आपका डिफेंसिव मिडफील्ड अटैक और डिफेंस के बीच की कड़ी का काम करता है। बाकी दो मिडफील्डर जरूरत के हिसाब से आगे-पीछे भागते रहते हैं। इस फॉर्मेशन में खेलने वाली टीमें अक्सर विंग से हमले करती हैं।
संभावित शुरुआती 11- उनाइ सिमन (गोलकीपर), पेड्रो पोर्रो, पाउ कुबारसी, अयमेरिक लपोर्ते, मार्क कुकुरेया, रोड्री, पेड्री, फैबियन रुइज, लामिने यमाल, मिकेल ओयारजबाल और नीको विलियम्स।केप
वेर्डे की रणनीति
केप वेर्डे की टीम बहुत अनुभवी खिलाड़ियों से मिलकर बनी है। इनके गोलकीपर वोजिन्हा 40 साल के हैं और उनकी नेतृत्व क्षमता कमाल की है। कप्तान रयान मेंडेस 36, गैरी रोड्रिगेज 35 और स्टोपिरा 38 साल के हैं। इन सारे खिलाड़ियों के पास दशकों का अनुभव है, साथ मिलकर ये बहुत कमाल की फुटबॉल खेलते हैं। केप वेर्डे मुख्यत: कठोर रक्षात्मक रणनीति के साथ खेलती है। कैमरन और अंगोला जैसे देशों वाले क्वालिफाइंग ग्रुप को टॉप करके आई केप वेर्डे के खिलाड़ी काफी नजदीक रहते हुए एक-दूसरे का समर्थन करने वाली फुटबॉल खेलते हैं। ये रक्षात्मक खेल दिखाते हुए मौकों का इंतजार कर, सेट-पीस यानी कार्नर या फ्री-किक पर गोल मारने की ताक में रहते हैं।
फॉर्मेशन
केप वेर्डे वाले 4-2-3-1 फॉर्मेशन में खेलते हैं। इनके पास अटैक में चार और डिफेंस में छह प्लेयर्स रहते हैं। इस टीम का ज्यादातर गेम अपने डिफेंस के भरोसे ही चलता है।
संभावित शुरुआती 11- वोजिन्हा (गोलकीपर), स्टीवन मोरीरा, लोगन कोस्टा, रोबर्टो लोपेस, स्टोपिरा, डेराय डुआर्टे, जामिरो मोंटीरो, गैरी रोड्रिगेज, जोवाने काबराल, डाइलन लिवरामेंटो और रायन मेंडेस।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 में सिर्फ गोल नहीं, जर्सियां भी बरसाएंगी पैसा, 15 करोड़ तक बिक्री का अनुमान
यह भी पढ़ें- 'ब्वॉयफ्रेंड की ड्यूटी भी निभानी पड़ती है...' कनाडा का मैच छोड़ गर्लफ्रेंड कैटी पेरी के शो में पहुंचे जस्टिन ट्रूडो

