Kumar Sanu का वो रोमांटिक गाना जिसने Anil Kapoor को कर दिया था 'इनसिक्योर'; 32 साल बाद भी है हिट
अनिल कपूर (Anil Kapoor) ने खुलासा किया है कि 32 साल पहले एक सुपरहिट ट्रैक ने उन्हें इनसिक्योर कर दिया था। यह गाना कुमार सानू (Kumar Sanu) ने गाया था।

इस गाने ने अनिल कपूर को किया था इनसिक्योर। फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया
HighLights
अनिल कपूर पर फिल्माया गया था रोमांटिक सॉन्ग
गाने के चलते हीरोइन से इनसिक्योर हो गए थे एक्टर
कुमार सानू की आवाज में आज भी सुना जाता है गाना
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 90s में अनिल कपूर पर एक रोमांटिक सॉन्ग की शूटिंग कर रहे थे, जो बाद में कुमार सानू (Kumar Sanu) की आवाज में सुपरहिट हो गया। इस गाने की शूटिंग के वक्त अभिनेता इतने इनसिक्योर हो गए थे कि वह डायरेक्टर और कोरियोग्राफर के पास पहुंच गए थे।
यह गाना 1994 में आई फिल्म '1942: अ लव स्टोरी' (1942: A Love Story) है जिसे विधु विनोद चोपड़ा (Vidhu Vinod Chopra) ने डायरेक्ट किया था और फिल्म के असिस्टेंट डायरेक्टर संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) थे। फिल्म में अनिल कपूर के अपोजिट मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
'1942: अ लव स्टोरी' एक म्यूजिकल रोमांटिक मूवी थी जिसका एक गाना सबसे ज्यादा पॉपुलर हुआ था। यह गाना 'एक लड़की को देखा...' (Ek Ladki Ko Dekha...) है। हाल ही में अनिल कपूर ने रिवील किया कि इस गाने की शूटिंग के दौरान वह इनसिक्योर हो गए थे। वैरायटी के साथ बातचीत में अभिनेता ने कहा-
हम 'एक लड़की को देखा' गाना शूट कर रहे थे। यह कुमार सानू का गाया हुआ एक बहुत ही शानदार गाना है। जब गाने की शूटिंग शुरू हुई, तो मैंने देखा कि वे मेरे शॉट्स बिल्कुल नहीं ले रहे थे। मेरा किरदार 'नरेंद्र' यह गाना गा रहा था लेकिन वे मेरे शॉट्स नहीं ले रहे थे। कुछ समय बाद मुझे इनसिक्योरिटी महसूस होने लगी।

शिकायत करने पहुंच गए थे एक्टर
अनिल कपूर ने आगे बताया कि वह विधु, संजय और फराह खान के पास अपनी नाराजगी जताने भी गए थे। उन्होंने कहा, "मैं विनोद, संजय और फराह के पास गया और कहा, 'यह गाना मेरा है। मैं अपनी गर्लफ्रेंड की तारीफ कर रहा हूं लेकिन आप मेरे शॉट्स ही नहीं ले रहे हैं।'"

गाने में मनीषा कोइराला की खूबसूरती देख हो गए थे दंग
बाद में जब अभिनेता ने गाना देखा तब उन्हें एहसास हुआ कि क्यों उनके शॉट्स क्यों कम लिए गए। उन्होंने बताया, "मनीषा उस गाने में बहुत खूबसूरत लग रही थीं और आज भी हैं। वह फिल्म की इमोशनल कड़ी थीं। चूंकि यह एक लव स्टोरी है, इसलिए लड़की का खूबसूरत दिखना जरूरी है।" उन्होंने कहा कि विधु से लेकर फराह और सिनेमैटोग्राफर तक सबने बहुत शानदार काम किया था।
'एक लड़की को देखा...' को कुमार सानू ने गाया था, पंचम दा ने धुन बनाई थी और बोल जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने लिखे थे। इस गाने को अनिल कपूर और मनीषा कोइराला पर फिल्माया गया था। 32 साल बाद भी यह गाना सदाबहार हिट बना हुआ है।
