'मेरे बेटे का एनकाउंटर कर दो', सोनीपत की पंचायत में हाथ जोड़कर बोली गैंगस्टर भोलू शाहपुरिया की मां
सोनीपत की पंचायत में अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपी भोलू शाहपुरिया की मां ने पुलिस से बेटे का एनकाउंटर करने की अपील की, ताकि परिवार को परेशान न किया जाए।
HighLights
भोलू की मां ने बेटे का एनकाउंटर करने की गुहार लगाई
परिवार का भोलू से चार साल से कोई संबंध नहीं है
यूपी एसटीएफ की दबिश से गांव के युवा भूमिगत हो गए
नंदकिशोर भारद्वाज, सोनीपत। शामली के हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद सोनीपत के शाहपुर गांव में मंगलवार को सात गांवों की पंचायत हुई।
पंचायत में राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया की मां राजपति हाथ जोड़कर रोते हुए पुलिस-प्रशासन से अपील करती नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा चार साल से फरार है और परिवार का उससे कोई वास्ता नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे तो भोलू को पकड़कर उनके सामने ही उसका एनकाउंटर कर दे, लेकिन परिवार को परेशान न किया जाए।
चार साल से फरार है बेटा, पिता की मौत पर भी नहीं आया
राजपति ने पंचायत में बताया कि भोलू करीब चार साल से फरार है। जुलाई में उसके पिता सुरेश की मौत हुई, लेकिन वह मुखाग्नि देने के लिए भी गांव नहीं आया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि भोलू अब कहां है।
राजपति के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2021 में ही न्यूजपेपर में विज्ञापन देकर भोलू को बेदखल कर उससे संबंध तोड़ लिए थे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से कहा कि अगर किसी से पूछताछ करनी है तो पुलिस दिन में गांव आए, ग्रामीण जांच में सहयोग करेंगे।
राजपति ने आरोप लगाया कि यूपी एसटीएफ के अधिकारी पूछताछ के दौरान धमकी देते हैं कि उन्हें भी मारेंगे और उनका घर भी ढहाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटे से उनका कोई संपर्क नहीं है और उन्हें परेशान न किया जाए।

STF की दबिश से करीब 100 युवक भूमिगत
पंचायत में बताया गया कि यूपी एसटीएफ की लगातार छापेमारी से शाहपुर गांव के करीब 100 युवा डर के कारण भूमिगत हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, युवाओं को आशंका है कि इस हत्याकांड में उनका झूठा नाम न आ जाए या यूपी एसटीएफ उन्हें पूछताछ के लिए न उठा ले।
राजपति ने बताया कि उनका छोटा बेटा, जो उनका सहारा है, वह भी यूपी एसटीएफ के डर से घर छोड़कर कहीं चला गया है। उनका कहना है कि उसका किसी भी हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है।

अंकित बालियान।
पंचायत में बोले ग्रामीण- दिन में आए पुलिस, करेंगे सहयोग
पंचायत में शाहपुर, रायपुर, कुमासपुर, गढ़ शहजानपुर, फाजिलपुर, आरके कालोनी, रेवली और जटवाड़ा के लोग पहुंचे। जटवाड़ा के अशोक खत्री ने कहा कि गांव और परिवार के लोग भोलू या किसी भी बदमाश के साथ नहीं हैं।
अगर पुलिस या कोई एजेंसी पूछताछ करना चाहती है तो दिन में गांव आए, ग्रामीण जांच में मदद करेंगे। उन्होंने भोलू से भी अपील की कि अगर वह किसी माध्यम से उनकी बात सुन रहा है तो तुरंत सरेंडर कर दे।
पंचायत में समाज में बढ़ते नशे और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर भी आपत्ति जताई गई। ग्रामीणों ने ऐसे गानों पर रोक लगाने का आह्वान किया।

चिराग के पिता बोले- बेटा कनाडा में, हत्याकांड से लेना-देना नहीं
भोलू के चचेरे भाई चिराग के पिता रमेश ने पंचायत में कहा कि उनका बेटा कनाडा में है और उसका हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर एजेंसियों को फिर भी पूछताछ करनी है तो परिवार उनकी मदद के लिए तैयार है।
