विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार हत्याकांड में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

By Rajeev RanjanEdited By: Anup Tiwari
Published: Wed, 09 Sep 2026 12:26 AM (IST)

रोहिणी में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार हत्याकांड के दो इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने ...और पढ़ें

हत्याकांड के दो बदमाशों से मुठभेड़। (वीडियो ग्रैब)

हत्याकांड के दो बदमाशों से मुठभेड़। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार हत्याकांड के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार।

  2. रोहिणी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के पैर में लगी गोली।

  3. आरोपितों से तीन पिस्टल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी के स्पेशल स्टाफ ने प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान सोनीपत निवासी नीतिक कुमार और हिसार निवासी दीपक के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके साथ एक किशोर को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। टीम ने आरोपितों के कब्जे से तीन पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।

लगातार बदल रहे थे ठिकाने

पुलिस के मुताबिक, प्रमोद कुमार की हत्या के बाद आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहे थे। वे दिल्ली के अलावा हरियाणा और राजस्थान में छिपकर रह रहे थे। मंगलवार रात वे किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से दिल्ली आए थे। इसी दौरान स्पेशल स्टाफ की टीम को उनके बारे में सूचना मिली।

सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपितों की घेराबंदी की और उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।

मुठभेड़ के दौरान नीतिक कुमार और दीपक के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को काबू कर लिया गया। घायल आरोपितों को उपचार के लिए डॉ. आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया।

हत्या में इस्तेमाल बाइक और पिस्टल बरामद

पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। साथ ही प्रमोद कुमार की हत्या में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई है। पकड़ा गया किशोर भी सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रमोद कुमार की हत्या के पीछे वजह और आरोपितों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद फरारी के दौरान आरोपितों ने किन लोगों से संपर्क किया और क्या वे किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी शामिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- करनाल पुलिस मुठभेड़, बदमाश ने दागीं गोलियां; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, 9 केसों में था वांछित

यह भी पढ़ें- करनाल में मुठभेड़, बदमाश के पैर में पुलिस ने मारी गोली; अस्पताल में भर्ती