मुनाफे का झांसा, 3 करोड़ का लेन-देन और 17 केस; ओडिशा से धरा गया दिल्ली का 'शेयर ट्रेडिंग ठग'
शाहदरा साइबर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर ओडिशा से एक ठग सुब्रत कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने व ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
शाहदरा साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया।
ओडिशा से मुख्य आरोपी सुब्रत कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के बैंक खाते में दो माह में तीन करोड़ का लेन-देन।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर एक ठग को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान भुवनेश्वर निवासी सुब्रत कुमार साहू के रूप में हुई है।
पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपित के बैंक खाते में दो माह के अंदर तीन करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि राम चंद्र यादव ने साइबर थाने में ठगी की लिखित शिकायत दी थी।
पीड़ित ने बताया था कि उनके वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से मैसेज आया था।
आरोपी ने पीड़ित को वाट्सएप पर एप्लीकेशन का लिंक शेयर कर कहा था कि इस एप को डाउनलोड करके शेयर मार्केट में निवेश करो। आपको बहुत अधिक लाभ मिलेगा। पीड़ित आरोपी के झांसे में आ गया और ट्रेडिंग एप डाउनलोड कर 4.75 लाख रुपये का निवेश कर दिया।
अधिक निवेश करने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन नंबर बंद कर पीड़ित का 4.75 लाख रुपया ठग लिया। पुलिस ने केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा की देखरेख में एक टीम बनाई गई।
मोबाइल की लोकेशन मिली ओडिशा की
पुलिस ने जब आरोपित के बैंक खातों की पड़ताल की तो पता चला कि ठगी की काफी रकम फ्यूजन एंटरप्राइजेज नाम की कंपनी के खाते में ट्रांसफर हुई है। इसके बाद खाते से लिंक मोबाइल नंबर की लोकेशन निकाली तो वह ओडिशा की मिली।
खबरें और भी
पुलिस ने ओडिशा में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी करता था। जांच में पता चला कि पकड़े गए आरोपित पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में ठगी के 17 केस दर्ज हैं।