Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रयागराज में फेसबुक पर 'सीनियर सिटीजन कार्ड' का विज्ञापन देखना पड़ा भारी, बुजुर्ग से 12 लाख रुपये की ठगी

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 06:58 PM (GMT+05:30)

    प्रयागराज में 82 वर्षीय बुजुर्ग को फेसबुक पर सीनियर सिटीजन कार्ड का विज्ञापन देखना महंगा पड़ गया। जालसाजों ने उनके बैंक खाते से 18 से 30 जुलाई के बीच ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. फेसबुक विज्ञापन पर क्लिक कर बुजुर्ग हुए ठगी का शिकार।

    2. जालसाजों ने सीनियर सिटीजन कार्ड के बहाने 12 लाख लूटे।

    3. प्रयागराज के जार्जटाउन थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज।

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। फेसबुक पर सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का विज्ञापन देखना 82 वर्षीय बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद जालसाज ने फोन कर सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा दिया। साथ ही पहले उनके खाते में एक रुपये भेजकर भरोसा जीता। इसके बाद 18 से 30 जुलाई के बीच कई बार में बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 12 लाख रुपये ऑनलाइन तरीके से निकाल लिए। ठगी की जानकारी होने पर बुजुर्ग ने जार्जटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

    अल्लापुर के तिलक नगर निवासी शिव शंकर प्रसाद ने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई की शाम वह मोबाइल पर फेसबुक देख रहे थे। इसी दौरान सीनियर सिटीजन कार्ड बनाए जाने का विज्ञापन दिखाई दिया। उन्होंने उस पर क्लिक किया तो कुछ देर बाद अमित कुमार नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसने कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कहते हुए उनके खाते में एक रुपये भेजा।

    इसके बाद शिव शंकर प्रसाद कई बार कार्ड की जानकारी लेने के लिए उसे फोन करते रहे। आरोपित हर बार प्रक्रिया चलने की बात कहकर उन्हें टालता रहा। कुछ समय बाद उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया। फिर दूसरे नंबर से फोन आने लगा। फोन करने वाले ने भी सीनियर सिटीजन कार्ड प्रक्रिया में होने की बात कही। इसी बीच बुजुर्ग के मोबाइल पर बैंक लेनदेन के संदेश आने बंद हो गए।

    31 जुलाई को पेंशन की रकम आने के बाद उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा की अल्लापुर शाखा के खाते का बैलेंस देखा तो ठगी का पता चला। जांच में 18 से 30 जुलाई के बीच अलग-अलग तिथियों में रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। कई दिनों तक एक-एक लाख रुपये तक निकाले गए। जार्जटाउन पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए पड़ताल शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- कौशांबी में ट्रक-ऑटो की टक्कर, कड़ाधाम जा रहे सात श्रद्धालु जख्मी