Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जंतर-मंतर प्रदर्शन खत्म, फिर भी घंटों ट्रैफिक जाम में फंसी दिल्ली; इन रास्तों पर दिखा सबसे ज्यादा असर

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 08:53 PM (IST)

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद शनिवार को नई दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। हजारों प्रदर्शनकारियों के एक साथ निकलने और मेट्रो बंद होने स ...और पढ़ें

    शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद जंतर मंतर से टालस्टाय मार्ग होते हुए वापस जाते प्रदर्शनकारी। विपिन शर्मा

    शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद जंतर मंतर से टालस्टाय मार्ग होते हुए वापस जाते प्रदर्शनकारी। विपिन शर्मा

    HighLights

    1. जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद नई दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम।

    2. हजारों प्रदर्शनकारियों के एक साथ निकलने से सड़कें जाम।

    3. कनाट प्लेस, आईटीओ, मंडी हाउस समेत कई मार्ग प्रभावित।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद शनिवार को पूरी लुटियंस दिल्ली दिनभर ट्रैफिक जाम की गिरफ्त में रही। प्रदर्शन समाप्त होते ही हजारों प्रदर्शनकारियों के एक साथ बाहर निकलने से नई दिल्ली जिले की प्रमुख सड़कें वाहनों से भर गईं। हालात संभालने के लिए दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को लंबे समय तक मशक्कत करनी पड़ी।

    वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें

    जंतर-मंतर क्षेत्र को खाली कराने के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे जाम का असर आइटीओ, विकास मार्ग और आउटर रिंग रोड तक पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने दिन में ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों से नई दिल्ली क्षेत्र में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की थी। पुलिस ने कहा था कि अत्यधिक भीड़ और ट्रैफिक दबाव के कारण लोग वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

    प्रदर्शन खत्म होते ही उमड़ी भीड़

    दरअसल, शनिवार होने के कारण नई दिल्ली क्षेत्र में पहले से ही पर्यटकों और आम लोगों की अच्छी-खासी भीड़ थी। ऐसे में मेट्रो स्टेशन बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के चलते कनाॅट प्लेस, जनपथ, संसद मार्ग और इंडिया गेट के आसपास ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता गया। शाम को प्रदर्शन खत्म होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई।

    Delhi-Traffic1

    जंतर मंतर के पास जनपथ मार्ग पर लगा जाम। विपिन शर्मा

    सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव दर्ज किया गया

    पुलिस ने जंतर-मंतर की घेराबंदी कर प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग मार्गों से बाहर निकाला, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान कनाट प्लेस आउटर सर्कल, जनपथ रोड, अशोका रोड, इंडिया गेट सर्कल, मिंटो रोड, चाणक्यपुरी, मथुरा रोड, आइटीओ और मंडी हाउस पर सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव दर्ज किया गया।

    खबरें और भी

    छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लगा

    इसके अलावा टाॅलस्टाॅय रोड और संसद मार्ग बंद होने के चलते रायसीना रोड, रफी मार्ग, अकबर रोड, मान सिंह रोड, अमृता शेरगिल मार्ग, डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड, तुगलक रोड, पृथ्वीराज रोड और तीन मूर्ति मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लगा।

    ट्रैफिक सामान्य होने में देर लगी

    जाम का असर केवल वीवीआईपी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। पहाड़गंज, अजमेरी गेट, करोल बाग, आनंद पर्वत, विकास मार्ग और आउटर रिंग रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। ट्रैफिक पुलिस लगातार डायवर्जन लागू कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की कोशिश करती रही, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण ट्रैफिक सामान्य होने में देर लगी।

    Delhi-Traffic2

    जाम में फंसे लोगों ने बयां किया दर्द

    दोपहर करीब दो बजे जाम में फंसे अंकुश ने बताया कि उन्हें पंजाबी बाग से जरूरी काम से मंडी हाउस जाना था। आमतौर उन्हें एक घंटे से भी कम का समय लगता है, लेकिन शनिवार को जाम के कारण वह दो घंटे जाम में फंसे रहे।

    वहीं, शाम के समय कनाॅट प्लेस से ड्यूटी से घर लौट रहीं मीनाक्षी ने बताया कि वह आमतौर पर मेट्रो में सफर करती हैं। लेकिन मेट्रो बंद होने के चलते उन्हें कैब लेनी पड़ी। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद कैब बुक हुई और एक घंटा ही उन्हें कनाट प्लेस पार करने में लग गया। इसी तरह कई यात्री दिनभर जाम से जूझते दिखे।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में मकान तोड़ते समय अचानक भरभराकर गिरी दो मंजिला इमारत; एक की मौत, दो मलबे से घायल

    यह भी पढ़ें- ₹6,969 करोड़ की द्वारका टनल परियोजना को मंजूरी, एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली तक सफर होगा आसान